भोपाल:(Bhopal) मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में शिक्षा के नये सौपान रच रहे सीएम राइज विद्यालयों के एक वर्ष पूर्ण होने पर स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा तीन दिवसीय स्टेप बैक विमर्श कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव रश्मि अरुण शमी आज (बुधवार को) सुबह 10.00 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी और मार्गदर्शी उद्बोधन देंगी।
जनसम्पर्क अधिकारी राजेश दाहिमा ने बताया कि कुशाभाउ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में 10 से 12 मई तक आयोजित इस कार्यक्रम में दूसरे दिन स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सामान्य प्रशासन इन्दर सिंह परमार सीएम राइज़ विद्यालयों की वेबसाइट लोकार्पित करेंगे।
उन्होंने बताया कि स्टेप बैक कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्रथम चरण में प्रारंभ किए गए सभी 274 सीएम राइज़ विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रदेश के समस्त संभागो के संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा सहभागिता करेंगे। विभिन्न सत्रों में विगत वर्ष संपादित कार्यों की सफलता और कठिनाईयों पर विश्लेष्णात्मक चर्चा के साथ ही आगामी कार्य-योजना पर विमर्श किया जायेगा। लोक शिक्षण आयुक्त अनुभा श्रीवास्तव, राज्य शिक्षा केन्द्र संचालक धनराजू एस, लोक शिक्षण संचालक के.के. द्विवेदी, डीएस कुशवाहा एवं वरिष्ठ अधिकारी भी विभिन्न सत्रों को संबोधित करेंगे।


