भोपाल : मध्य प्रदेश के नगरीय निकाय उपनिर्वाचन-2023 के तहत नगरीय निकायों के 13 पार्षद पदों के गत 13 जून को मतदान संपन्न हुए थे। शुक्रवार को इन उपचुनावों की मतगणना संपन्न होने के बाद परिणाम घोषित कर दिये गये। इन निकायों में कुल 13 पार्षद पदों के लिए उपचुनाव में भाजपा के 7 उम्मीदवारों की जीत हुई है, जबकि छह पदों पर कांग्रेस उम्मीदवारों ने कब्जा जमाया है।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी परिणामों की सूचना के अनुसार, सागर जिले में बिलहरा नगर परिषद के वार्ड एक से भाजपा के कमलेश सौर ने कांग्रेस हरनाम सिंह को शिकस्त दी, जबकि मुरैना जिले में जौरा नगर परिषद के वार्ड 18 से भाजपा के बीरबल जाटव ने कांग्रेस के मुन्नालाल को हराया। सतना जिले में कोटर के वार्ड 11 से भाजपा की दीपा और छिंदवाड़ा के वार्ड 42 से भाजपा के संदीप सिंह चौहान ने जीत हासिल की। वहीं, सागर जिले में बांदरी के वार्ड 10 से भाजपा के पुष्पेन्द्र यादव और नीमच जिले में रतनगढ़ के वार्ड 13 से भाजपा के मुकेश कुमार ने कांग्रेस उम्मीदवार को हराकर अपना परचम लहराया। शहडोल जिले के बुढ़ार नगर परिषद के वार्ड 13 से भाजपा की रश्मि सिंह ने जीत हासिल की।
वहीं, सतना नगर पालिका के वार्ड 43 से कांग्रेस के सौरव मलिक, छिंदवाड़ा जिले में डोंगपरासिया के वार्ड 6 से कांग्रेस की पूजा मरकाम, धार जिले में सरदारपुर के वार्ड 7 से कांग्रेस के अमर सिंह, मंदसौर के वार्ड 27 से कांग्रेस की तबस्सुम बी, देवास जिले में सतवास के वार्ड पांच से कांग्रेस के अरविंद यादव और बुरहानपुर जिले में शाहपुर के वार्ड 10 से कांग्रेस की दिपाली महाजन भाजपा उम्मीदवारों को हराकर पार्षद चुने गए।


