भिवंडी : भिवंडी तालुका के राहनाल ग्राम पंचायत स्थित लक्ष्मी कंपाउंड परिसर के शहा वेयरहाउस व देशमुख वेयरहाउस के ज्वलनशील रसायन गोदामों में शुक्रवार की दोपहर करीब तीन बजे भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है की आग इतनी भयानक थी की जिससे आसमान में फैले काले बादलों को पांच किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था। इस भयानक आगजनी की लपेट में आने से क्षेत्र के करीब दस से बारह गोदाम जलकर खाक हो गए।
आग लगने की सूचना मिलते ही भिवंडी अग्निशमन दल की दो गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस आयुक्त डोंगरे, नारपोली पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मदन बल्लाल व राजस्व विभाग मंडल अधिकारी अतुल नाईक, लेखपाल सुधाकर कामडी ने कल्याण और ठाणे अग्निमन दल की गाड़ियां भी तलब कर ली, जबकि स्थानीय निजी टैंकर चालकों को सहायता से पानी उपलब्ध कराया गया, लेकिन आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे गोदामों में रखें केमिकल के प्लास्टिक ड्रम में विस्फोट होने लगा और ड्रम फटने और उड़ने के कारण अन्य गोदामों पर गिरने से दूसरे गोदाम में भी आग लग गई। इस दौरान आग के पास खुले मैदान में खड़े दो ट्रक जल कर खाक हो गए, जबकि एक पानी टैंकर चालक की मदद से कैमिकल से भरे टैंकर को सकुशल बाहर निकालने में सफलता मिली। सौभाग्य से किसी भी तरह की जनहानि या हताहत की सूचना नहीं मिली है। भिवंडी अग्निशमन दल के अधिकारी कमलाकर कनाटे ने बताया कि करीब पांच घंटे से सुलग रही आग को बुझाने में कम से कम अधिक दस घंटे का समय लगेगा। सौभाग्य से आग फैलकर पास के वाफेकर परिसर की कच्ची झोपड़ियों तक पहुंच गई, लेकिन झोपड़िया खाली होने से एक बड़ी जनहानि और नुकसान होने से बच गया।


