राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख, पीएम फंड से मृतकों के परिवार को दो-दो लाख मुआवजा
मुख्यमंत्री ने किया मृतक आश्रितों को दो लाख रुपये की मदद का ऐलान
दुर्घटना में मारे गए लोगों के शव क्षत-विक्षत होने के कारण शिनाख्त में दिक्कत
बेंगलुरु : कर्नाटक के मैसूरु जिले में सोमवार को मैसूर-कोल्लेगल मुख्य मार्ग पर एक मोड़ पर एक कार ने एक निजी बस को टक्कर मार दी, जिससे 10 पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दुख जताया है।
यह घटना सोमवार दोपहर करीब सवा दो बजे की है, जब पर्यटक मैसूर से माले महादेश्वर पहाड़ियों की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी टोयोटा इनोवा कुरुबुर गांव में पिंजरापोल सोसाइटी के पास पहुंची, चालक ने वाहन पर अपना नियंत्रण खो दिया, जो बस से टकरा गया। पुलिस के अनुसार, सभी 10 लोग बेल्लारी जिले के रहने वाले थे और मैसूर में किसी पर्यटन स्थल पर गए थे। मृतकों में कुछ बच्चे भी शामिल हैं, लेकिन अधिकांश अधेड़ उम्र के हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही टी नरसीपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि कार में चार पुरुष, एक युवक, तीन महिलाएं और दो बच्चे सवार थे। पुलिस ने समाचार लिखे जाने तक दुर्घटना के शिकार लोगों की पहचान की पुष्टि नहीं की है। हादसा बस में लगे डैश कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि शव गंभीर रूप से कुचले हुए थे, जिससे कार में सवार लोगों की सही संख्या का पता लगाना चुनौतीपूर्ण हो गया। उन्होंने बताया कि ऐसा लग रहा है कि कार चालक तेज गति से गाड़ी चला रहा था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि घटना की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मैसूरु में हुए सड़क हादसे में बच्चों की भी मौत हुई है। शोकाकुल परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र कुशल होने के लिए ईश्वर से प्रार्थना करती हूं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि घटना के कारण दिल से दुखी हूं। जिन परिवार ने अपने करीबियों को खोया है, उनके साथ मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री ने पीएम फंड से मृतकों के परिवार को दो लाख मुआवजा देने का ऐलान किया है। साथ ही उन्होंने घायलों के लिए भी मुआवजे की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, ”मैसूर जिले के टी नरसीपुरा के पास हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना से परेशान हूं, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। मैंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के लिए उचित उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।”


