
इस्लामाबाद : (Islamabad) पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) (Pakistan-occupied Kashmir) के मुजफ्फराबाद क्षेत्र में बुधवार को पाकिस्तानी सेना के हेलिकॉप्टर एमआई-17 के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से इसमें सवार सभी सैन्यकर्मियों की मौत हो गई।
पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) (Pakistan Army’s media wing, Inter-Services Public Relations) ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत एवं बचाव दल तत्काल घटनास्थल पर भेजे गए हैं। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक हेलिकॉप्टर नियमित सैन्य गतिविधि के तहत उड़ान भर रहा था, तभी उसमें तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई। दुर्घटना के बाद इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। हेलिकॉप्टर में कुल 21 लोग सवार थे।
पाकिस्तान के चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर (Marshal Asim Munir) सहित सेना के सभी अधिकारियों और जवानों ने हादसे में जान गंवाने वाले कर्मियों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया है। आईएसपीआर के अनुसार, सेना ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि वह इस दुखद घड़ी में उनके साथ खड़ी है।
पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान सेना के हेलिकॉप्टरों से जुड़े कई हादसे सामने आ चुके हैं। सितंबर 2025 में गिलगित-बाल्टिस्तान के दियामेर जिले (Diamer district of Gilgit-Baltistan) में एक एमआई-17 हेलिकॉप्टर तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें चालक दल के पांच सदस्यों की जान चली गई थी।
इसके अलावा अगस्त 2025 में खैबर पख्तूनख्वा सरकार (Khyber Pakhtunkhwa government) का एक हेलिकॉप्टर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में राहत सामग्री पहुंचाने के दौरान दुर्घटना का शिकार हो गया था। उस हादसे में भी हेलिकॉप्टर में सवार सभी पांच कर्मियों की मौत हुई थी। वर्ष 2022 में बलूचिस्तान के लसबेला जिले में भी पाकिस्तान सेना का एक अन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें छह सैन्य अधिकारी और जवान मारे गए थे।


