
देश के इतिहास के लंबे समय तक निर्वाचित पीएम का रिकॉर्ड नरेंद्र मोदी के नाम
दुनियाभर के नेताओं ने भेजा बधाई संदेश
नई दिल्ली : (New Delhi) प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जिसे छूना किसी भी नेता के लिए एक ख्वाब जैसा होगा है। आजाद भारत में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री के पद पर बने रहने वाले पंडित जवाहर लाल नेहरू के रिकॉर्ड को नरेंद्र मोदी ने तोड़ दिया है। पंडित जवाहर लाल नेहरू (Pandit Jawaharlal Nehru) ने प्रधानमंत्री के तौर पर आजादी के बाद बिखरे हुए भारत को संस्थागत रूप दिया और राष्ट्र निर्माण का बीढ़ा उठाया था, उसे उनके बाद के सभी प्रधानमंत्रियों ने आगे बढ़ाते हुए विकसित भारत बनाने की आधारशिला रखी और भारत को एक शक्ति के रूप में वैश्विक पटल पर खड़ा कर दिया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भी भारत ने बुनियादी ढांचे, डिजिटल सेवाओं, वैश्विक कूटनीति और आर्थिक विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहलें देखी। भारतीय इतिहास की विकास यात्रा को यदि एक रूपक में देखना हो, तो कहा जा सकता है कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने जिस भारत की मजबूत नींव रखी थी,आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) उस पर एक भव्य और आधुनिक इमारत का निर्माण कर रहे हैं। भले ही कालखंड अलग हैं, चुनौतियां अलग हैं, लेकिन दोनों का लक्ष्य एक ही है।
मोदी देश के सबसे ज्यादा कार्यकाल वाले इलेक्टेड पीएम
दरअसल, 15 अगस्त 1947 को देश के आजाद होने के बाद जवाहर लाल नेहरू को प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया था। वे 15 अगस्त 1947 से 13 मई 1952 तक कुल 1732 दिन पीएम रहे। इसके बाद 1952 में देश में पहला आम चुनाव हुआ। कांग्रेस सत्ता में आई। संसदीय दल ने नेहरू को अपना नेता चुना। इसके बाद नेहरू 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक लगातार निर्वाचित पीएम रहे। इस कार्यकाल 4398 वें दिन का रहा था। इस तरह निर्वाचित पीएम के तौर पर मोदी नेहरू से आगे निकल गए हैं।
केंद्रीय कैबिनेट में सराहना प्रस्ताव पारित
इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए दिल्ली के भारत मंडपम में एनडीए की एक बड़ी बैठक आयोजित की गई। भारत मंडपम में हुई इस बैठक में बीजेपी और एनडीए गठबंधन के तमाम बड़े नेता शामिल हुए। इस मौके पर गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा (Home Minister Amit Shah, Defence Minister Rajnath Singh, Nitin Gadkari, and party president JP Nadda) मौजूद रहे। इनके अलावा बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी दिल्ली पहुंचे।
मोदी सरकार की बुकलेट में 12 साल की उपलब्धियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल को लेकर केंद्र सरकार द्वारा जारी विशेष बुकलेट में दावा किया गया है कि आयकर में राहत, जीएसटी, फेसलेस टैक्स और डिजिटल इंडिया जैसे सुधारों ने सुशासन को मजबूत किया है। सरकार के अनुसार, टैक्स-फ्री आय की सीमा 2 लाख रुपये से बढ़कर 12.75 लाख रुपये हो गई है, जबकि करदाताओं की संख्या 5.26 करोड़ से बढ़कर 12.13 करोड़ पहुंची है। बुकलेट में कहा गया है कि बढ़े हुए कर संग्रह का उपयोग बुनियादी ढांचे और जनकल्याण परियोजनाओं में किया गया, जिससे जनता का सरकार पर भरोसा बढ़ा है। साथ ही, जीएसटी और बैंकिंग सुधारों की बदौलत भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है और 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
पीएम मोदी को बधाई का तांता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर दुनिया भर के नेताओं और राजनयिकों ने उन्हें बधाई दी है। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने इसे मोदी के लंबे सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण बताया। अमेरिकी सीनेटर जॉन कॉर्निन ने कहा कि मोदी का कार्यकाल भारत के लिए परिवर्तनकारी रहा है, जिसमें करोड़ों लोग गरीबी से बाहर आए और भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बना। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने इसे भारतीय जनता के भरोसे का प्रतीक बताते हुए मोदी की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति और श्रीलंका को दी गई सहायता की सराहना की। वहीं, नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू ने पीएम मोदी को अपना मित्र और विश्वसनीय सहयोगी बताते हुए कहा कि उनका नेतृत्व और जनसेवा के प्रति समर्पण दुनिया भर के लोगों को प्रेरित करता है। इजराइल के विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और इजराइल की अनूठी दोस्ती हर साल और मजबूत हो रही है। मोदी के नेतृत्व में दोनों देशों की साझेदारी को और गहरा करने की उम्मीद है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय जनता के मोदी के नेतृत्व पर भरोसे को दर्शाती है। इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, तेज आर्थिक प्रगति और ग्लोबल साउथ की मजबूत आवाज बनने जैसे क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं।
जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर देशवासियों का आभार व्यक्त किया है। सोशल मीडिया मंच एक्स पर उन्होंने कहा कि जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है और विनम्रता, समर्पण तथा कर्तव्यनिष्ठा से किया गया कार्य ही जनता का विश्वास अर्जित करता है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने एक संस्कृत सुभाषित भी साझा किया, जिसमें जनकल्याण, सुशासन और विनम्र नेतृत्व के महत्व को रेखांकित किया गया है। उन्होंने कहा कि जो जनप्रतिनिधि सेवा को अपना धर्म मानकर जनता के हित में कार्य करता है, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करता है तथा समाज की उन्नति के लिए समर्पित रहता है, वही जनविश्वास, सम्मान और समृद्धि प्राप्त करता है।


