spot_img

Mumbai : सिंगापुर-हांगकांग की तर्ज पर होगा धारावी का पुनर्विकास

Mumbai: Dharavi to be Redeveloped on the Lines of Singapore and Hong Kong

मुख्यमंत्री ने की परियोजना की समीक्षा, दिए निर्देश
दीपक पवार
मुंबई : (Mumbai)
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने धारावी पुनर्विकास परियोजना की (Dharavi redevelopment project) समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सिंगापुर और हांगकांग की आधुनिक आवासीय परियोजनाओं की तर्ज पर धारावी का विकास किया (lines of modern residential projects in Singapore and Hong Kong) जाए। उन्होंने कहा कि पुनर्विकास के दौरान स्थानीय नागरिकों, उनकी आजीविका और क्षेत्र की सामाजिक-औद्योगिक व्यवस्था को केंद्र में रखा जाए। मुख्यमंत्री ने निर्धारित समयसीमा में परियोजना पूरी करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे मुंबई को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

2028 तक 10 हजार घरों का लक्ष्य

सह्याद्री अतिथिगृह (Sahyadri Guest House) में आयोजित समीक्षा बैठक में बताया गया कि परियोजना के पहले चरण में वर्ष 2028 तक कम से कम 10 हजार आवास नागरिकों को उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने सभी आवश्यक मंजूरियां शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए एक विशेष कक्ष स्थापित करने के निर्देश भी दिए।

स्थानीय उद्योगों को मिलेगा संरक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि धारावी के चमड़ा, वस्त्र, मिट्टी के बर्तन तथा खाद्य उत्पादों से जुड़े पारंपरिक उद्योगों को संरक्षित रखने के लिए विशेष सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग योजना तैयार की गई है। खाद्य उद्योगों के लिए आधुनिक सामूहिक रसोई व्यवस्था विकसित करने की भी योजना बनाई गई है। वहीं, कुंभारवाड़ा की पहचान और अस्तित्व बनाए रखने के लिए सभी पक्षों से चर्चा कर समाधान निकाला जाएगा।

देश का पहला बहु-माध्यम परिवहन केंद्र बनेगा

धारावी पुनर्विकास परियोजना (Dharavi redevelopment project) के तहत देश का पहला अत्याधुनिक बहु-माध्यम परिवहन केंद्र विकसित किया जाएगा। यह केंद्र पश्चिम, मध्य और हार्बर रेल नेटवर्क के साथ विभिन्न मेट्रो मार्गों को जोड़ेगा। भविष्य में बुलेट ट्रेन को भी इससे जोड़ने की योजना है। यात्रियों के लिए शहर में ही सामान पंजीकरण सुविधा, हवाई अड्डे तक विशेष रेल संपर्क, जल परिवहन तथा भविष्य की हवाई टैक्सी सेवाओं को ध्यान में रखते हुए आधारभूत ढांचा विकसित किया जाएगा।

बीकेसी-धारावी मार्ग का होगा सौंदर्यीकरण

परियोजना के अंतर्गत बीकेसी से धारावी तक के मार्ग का व्यापक सौंदर्यीकरण किया (Beautification of the BKC-Dharavi Route) जाएगा। सड़क के मध्य भाग में हरित पट्टी, आधुनिक पदपथ और आकर्षक वास्तु संरचनाएं विकसित की जाएंगी। धारावी बस डिपो क्षेत्र में आधुनिक आवासीय और व्यावसायिक परियोजनाएं भी स्थापित की जाएंगी।

10 वर्षों में परियोजना पूर्ण करने की तैयारी

अधिकारियों ने बताया कि पुनर्वसन भवनों का निर्माण 42 महीनों में तथा माटुंगा क्षेत्र के पुनर्वसन कार्य 39 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना के प्रथम चरण का कार्य मार्च 2028 तक पूरा कर नागरिकों को आवास सौंपने की योजना है।

महिलाओं के लिए अलग शौचालय सहित आधुनिक सुविधाएं

बैठक में जानकारी दी गई कि पात्र नागरिकों को मिलने वाले नए घरों में रसोईघर, शयनकक्ष, शौचालय और महिलाओं के लिए पृथक शौचालय जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। रेलवे भूमि के विकास, पुनर्वसन भवनों के निर्माण और अन्य आधारभूत सुविधाओं के कार्य चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

Explore our articles