
पुणे : (Pune) कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijit Deepke, founder of the Cockroach Janata Party) ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी परीक्षाओं और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में 11 जून को पुणे में प्रदर्शन करेगी। पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Union Education Minister Dharmendra Pradhan) के इस्तीफे की मांग कर रही है। अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, आइए पुणे में मिलें! जय महाराष्ट्र। वहीं, सीजेपी के आधिकारिक एक्स हैंडल पर किए गए एक पोस्ट में कहा गया, कॉकरोच महाराष्ट्र की शैक्षिक राजधानी पुणे में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेंगे। पुणे के कितने कॉकरोच इसमें शामिल होंगे? हाल ही में नेपाल और बांग्लादेश में हुए ‘जेन-जी’ प्रदर्शनों (‘Gen-Z’ protests in Nepal and Bangladesh) के बारे में पूछे जाने पर दीपके ने रविवार को कहा था कि सीजेपी का आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा है और इसकी तुलना पड़ोसी देशों में हुए प्रदर्शनों से नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि सीजेपी विशेष रूप से ‘जेन जी’ के लिए है और किसी भी राजनीतिक दल से नहीं जुड़ेगी। गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी ने देश में कथित पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए 6 जून को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन किया था।


