
कल्याण : (Kalyan) कल्याण-अहिल्यानगर राष्ट्रीय महामार्ग (Kalyan-Ahilyanagar National Highway) पर स्थित शहाड रेलवे फ्लाईओवर के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) (Mumbai Metropolitan Region Development Authority) ने इस परियोजना के लिए करीब 320 करोड़ रुपये की निविदा जारी कर दी है। विधान परिषद चुनाव की आचार संहिता समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
दो लेन से चार लेन होगा फ्लाईओवर
वर्तमान में शहाड रेलवे फ्लाईओवर (Shahad railway flyover) केवल दो लेन का है, जबकि इसके दोनों ओर की सड़कें पहले से ही चार लेन की हैं। इस असंतुलन के कारण रोजाना वाहनों की लंबी कतारें लगती हैं और जाम की समस्या बनी रहती है। विस्तार के बाद फ्लाईओवर चार लेन का हो जाएगा, जिससे यातायात सुगम होगा और वाहनों की आवाजाही में तेजी आएगी। फ्लाईओवर की कुल लंबाई लगभग 1090 मीटर है।
लंबे समय से थी स्थानीय लोगों की मांग
शहाड फ्लाईओवर पर अक्सर वाहनों की भीड़ रहती है। किसी वाहन के खराब होने या मरम्मत कार्य के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। स्थानीय नागरिक लंबे समय से फ्लाईओवर को चौड़ा करने की मांग कर रहे थे। परियोजना पूरी होने के बाद कल्याण, डोंबिवली और आसपास के क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
ठाकुर्ली से म्हसोबा चौक तक बनेगा एलिवेटेड रोड
फ्लाईओवर विस्तार के साथ-साथ ठाकुर्ली रेलवे फाटक से म्हसोबा चौक (Thakurli railway crossing to Mhasoba Chowk) तक एलिवेटेड रोड और 15 मीटर चौड़ी संपर्क सड़क के निर्माण को भी मंजूरी मिल चुकी है। करीब 36 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का कार्य भी आचार संहिता समाप्त होने के बाद शुरू किया जाएगा। इस परियोजना के तहत 360 मीटर लंबा और 7.5 मीटर चौड़ा एलिवेटेड रोड तथा 1050 मीटर लंबी संपर्क सड़क विकसित की जाएगी। इसका उद्देश्य ठाकुर्ली लेवल क्रॉसिंग, मानपाड़ा चौक और डोंबिवली क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को कम करना है।


