
नई दिल्ली : (New Delhi) गत विश्व चैंपियन जैस्मिन लंबोरिया (Jaismine Lamboria) विश्व मुक्केबाजी की ताजा रैंकिंग में महिलाओं की 57 किग्रा वर्ग में दुनिया की नंबर एक मुक्केबाज बन गई हैं। उन्हें एक स्थान का फायदा हुआ है। एशियाई चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता प्रिया घंघास (Priya Ghanghas) (60 किलो) और विश्वनाथ सुरेश (Vishwanath Suresh) (50 किलो) अपने-अपने वर्ग में शीर्ष तीन में शामिल हैं। भारतीय मुक्केबाजों ने महिलाओं के 10 में से नौ वर्गों में शीर्ष 10 में जगह बनाई है। पुरुषों के 10 में से आठ वजन वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की है। मीनाक्षी (48 किलो) शीर्ष पर कायम हैं। प्रीति पवार (54 किलो) पांच स्थान ऊपर तीसरे पायदान पर हैं। विश्व कप की पदक विजेता अरुंधति चौधरी (70 किलो), पूजा रानी (80 किलो) और नुपुर (80 किलो से अधिक) दूसरे स्थान पर हैं। निकहत जरीन (51 किलो) एक स्थान के नुकसान से चौथे स्थान पर हैं। लवलीना बोरगोहेन (75 किलो) सातवें स्थान पर बरकरार हैं।


