
नई दिल्ली : (New Delhi) पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (Indian Oil Corporation) (IOC) ने शनिवार को देश में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी होने से इनकार किया है।
कंपनी ने एक्स पर पोस्ट में देश में पेट्रोल-डीजल की समग्र किल्लत से इनकार करते हुए कहा कि कुछ पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी होने से संबंधित खबरें ‘बेहद स्थानीय’ और अस्थायी प्रकृति की हैं, जो क्षेत्रीय मांग-आपूर्ति असंतुलन और बिक्री के प्रारूप में बदलाव का नतीजा हैं। कंपनी ने कहा, “इंडियन ऑयल (Indian Oil) अन्य तेल विपणन कंपनियों के साथ मिलकर देशभर में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार एवं आपूर्ति बनाए हुए है।”
आईओसी ने कहा कि कुछ पेट्रोल पंपों पर बढ़ी हुई मांग की वजह फसल कटाई के समय डीजल की खपत में मौसमी वृद्धि, अपेक्षाकृत अधिक कीमत वाले निजी पेट्रोल पंपों (private petrol pumps) से ग्राहकों का सरकारी क्षेत्र के पंपों की तरफ स्थानांतरण और थोक ईंधन की कीमतों में अंतरराष्ट्रीय दरों के अनुरूप वृद्धि के कारण संस्थागत खरीद में बढ़ोतरी है। कंपनी ने कहा कि इंडियन ऑयल (Indian Oil’) के रिटेल आउटलेट पूरी तरह सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। ईंधन की उपलब्धता सामान्य है और आपूर्ति भी स्थिर है। इसमें किसी भी तरह की चिंता या रुकावट नहीं है।
आईओसी ने बताया कि यह जानकारी हरियाणा के हमारे एक नियमित ग्राहक से मिली है। कंपनी ने कहा कि हर सुगम सफर के पीछे हमारे कर्मचारियों का समर्पण है, जो यह सुनिश्चित करते हैं कि आपको जब भी और जहां भी ज़रूरत हो, ईंधन उपलब्ध हो। एक से 22 मई के दौरान पेट्रोल की बिक्री में सालाना आधार पर 14 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि डीजल की बिक्री लगभग 18 फीसदी बढ़ी है, जो मांग में निरंतर और अत्यंत उच्च वृद्धि को दर्शाता है, जिसे वह देशभर में पूरा कर रही है।
आईओसी ने कहा, “हम ग्राहकों और आम जनता को यह आश्वस्त करना चाहते हैं कि देश में पेट्रोल-डीजल (petrol and diesel in the country) की कोई समग्र किल्लत नहीं है। कुछ खुदरा केंद्रों पर देखी जा रही स्थिति अत्यंत स्थानीय और अस्थायी है, जो स्थानीय मांग-आपूर्ति असंतुलन तथा चुनिंदा क्षेत्रों में बिक्री प्रवृत्ति के पुनर्संतुलन के कारण उत्पन्न हुई है।”
कंपनी के मुताबिक आईओसी के 42,000 से अधिक पेट्रोल पंपों के नेटवर्क में बहुत ही कम जगहों पर आपूर्ति बाधित हुई है, जबकि अधिकांश पंपों पर भंडार और आपूर्ति सामान्य एवं पर्याप्त बनी हुई है। सरकारी तेल विपणन कंपनियां देशभर में पर्याप्त ईंधन भंडार बनाए हुए हैं तथा अलग-अलग क्षेत्रों में उत्पन्न इन सीमित बाधाओं को दूर करने और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रही हैं।


