
मुंबई : (Mumbai) वाशु भगनानी और डेविड धवन (Vashu Bhagnani and David Dhawan) के बीच का पुराना दोस्ताना रिश्ता अब खुलकर विवाद में बदल गया है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वाशु भगनानी ने डेविड धवन पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि ‘कुली नंबर 1’ के रीमेक के लिए उन्होंने निर्देशक को उनकी हैसियत से ज्यादा फीस दी थी, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही और उन्हें करीब 27 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। वाशु ने कहा कि फिल्म के निर्माण और खर्चों का पूरा नियंत्रण डेविड धवन के हाथ में था और वह सिर्फ नाम मात्र के निर्माता थे।
वाशु भगनानी ने यह भी आरोप लगाया कि डेविड धवन की आगामी फिल्म है ‘जवानी तो इश्क होना है’ (Jawani Toh Ishq Hona Hai) की कहानी उनकी 1999 की सुपरहिट फिल्म ‘बीवी नंबर 1’ से मिलती-जुलती है। उन्होंने कहा कि फिल्म के गाने और कहानी के कुछ हिस्सों का इस्तेमाल उनकी अनुमति के बिना किया जा रहा है। वाशु के मुताबिक, कोविड के दौरान डेविड धवन ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि ‘कुली नंबर 1’ से हुए नुकसान की भरपाई दोनों मिलकर नई फिल्म के जरिए करेंगे। इसी सिलसिले में ‘बीवी नंबर 1’ पर करीब छह महीने तक काम भी हुआ, लेकिन बाद में परियोजना ठंडे बस्ते में चली गई।
निर्माता ने अभिनेता वरुण धवन पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि फिल्म से हुए नुकसान के बाद वरुण ने कभी यह जानने की कोशिश नहीं की कि उन्हें कितना नुकसान हुआ। वाशु ने यह भी बताया कि जब उन्हें पता चला कि ‘बीवी नंबर 1’ का लोकप्रिय गीत ‘चुनरी चुनरी’ नई फिल्म में इस्तेमाल किया जा रहा है, तो उन्होंने इस पर सवाल उठाए। बता दें कि है ‘जवानी तो इश्क होना है’ में वरुण धवन के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े (Mrunal Thakur and Pooja Hegde) मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।


