
गुवाहाटी : (Guwahati) असम पुलिस की क्राइम ब्रांच के कार्यालय में पूछताछ में शामिल होने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा (Congress National Spokesperson Pawan Khera) आज दूसरे दिन भी पहुंचे। बुधवार रात तक 10 घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें जाने दिया गया । खेड़ा के बाहर निकलने तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई (State Congress President Gaurav Gogoi) के नेतृत्व में कांग्रेस की एक टीम गुवाहाटी क्राइम ब्रांच कार्यालय के बाहर चाय दुकान पर खड़ी रही। ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा (Chief Minister’s wife, Riniki Bhuyan Sarma) के विरूद्ध तीन विदेशी पासपोर्ट रखने को लेकर लगाए गये आरोपों के मामले में पवन खेड़ा क्राइम ब्रांच के कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है।
क्राइम ब्रांच के कार्यालय में पहुंचने के दौरान मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों से पवन खेड़ा ने कल कहा था कि न्यायपालिका पर उन्हें पूरा विश्वास है। साथ ही कहा कि मैं जांच में पूरा सहयोग करूंगा। कल उन्हें क्राइम ब्रांच के कार्यालय में चाय के साथ असम का पेड़ा भी खिलाया गया। आज कामाख्या मंदिर में दर्शन करके निकले मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने इस विषय में पूछे जाने पर कहा कि असम का पेड़ा स्वादिष्ट है।
उल्लेखनीय है कि पवन खेड़ा गुवाहाटी में एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाने के बाद से छुपते फिर रहे थे। मुख्यमंत्री की पत्नी ने खेड़ा के आरोपों को झूठा बताते हुए क्राइम ब्रांच में एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस टीम उन्हें गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली पहुंची तो वे भूमिगत हो गये।
इस बीच खेड़ा ने अग्रिम जमानत के लिए पहले तेलंगाना उच्च न्यायालय और उसके बाद उच्चतम् न्यायालय में गुहार लगाई। उच्चतम न्यायालय ने उन्हें गौहाटी उच्च न्यायालय (Gauhati High Court) में जमानत के लिए आवेदन करने के लिए कहा। इस बीच गौहाटी उच्च न्यायालय ने पवन खेड़ा को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद फिर से उच्चतम न्यायलय में खेड़ा पहुंचे, जहां न्यायालय ने उन्हें अग्रिम जमानत देते हुए कई तरह की पाबंदियां भी लगाई हैं, जिसके चलते आज भी खेड़ा क्राइम ब्रांच (Crime Branch office) में पूछताछ के लिए पहुंचे हैं।


