
नई दिल्ली : (New Delhi) पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच ईंधन आपूर्ति को लेकर फैल रही आशंकाओं पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (Hindustan Petroleum Corporation Limited) ने स्थिति स्पष्ट की है। कंपनी ने कहा है कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी (LPG) की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी कमी की स्थिति नहीं है।
HPCL के अनुसार, देशभर के सभी फ्यूल स्टेशन सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। रिफाइनरियां पूरी क्षमता पर काम कर रही हैं, जबकि ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और भविष्य की आपूर्ति भी सुरक्षित है। कंपनी ने यह भी बताया कि भारत का मजबूत रिफाइनिंग नेटवर्क निरंतर सप्लाई सुनिश्चित कर रहा है।
कंपनी ने कुछ स्थानों पर पेट्रोल पंपों पर दिखी भीड़ को गलत जानकारी (मिसइन्फॉर्मेशन) का परिणाम बताया। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।
घरेलू उत्पादन में हुई बढ़ोत्तरी, आयात जारी
HPCL ने अपनी सलाह में कहा कि घरेलू उत्पादन (domestic production) में वृद्धि हुई है और कच्चे तेल का आयात भी वैश्विक स्रोतों से नियमित रूप से जारी है, जिससे मांग की पूर्ति में कोई बाधा नहीं है।
पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) (Piped Natural Gas) नेटवर्क के विस्तार को लेकर कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह दीर्घकालिक स्वच्छ ऊर्जा रणनीति का हिस्सा है और इसका वर्तमान ईंधन आपूर्ति से सीधा संबंध नहीं है।
उल्लेखनीय है कि यह बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिम एशिया में अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच तनाव के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति मार्गों, विशेषकर होर्मुज़ जलडमरूमध्य,(Strait of Hormuz) को लेकर चिंताएं जताई जा रही हैं। यह मार्ग विश्व के लगभग 20 प्रतिशत कच्चे तेल के परिवहन के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।


