spot_img

Varanasi : बैंगलुरु-वाराणसी फ्लाइट में कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश, यात्री हिरासत में

वाराणसी : (Varanasi) बैंगलुरु से वाराणसी आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-1086 (Air India Express flight IX-1086 from Bengaluru to Varanasi) में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने उड़ान के दौरान कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की। पायलट ने इसे संभावित सुरक्षा खतरा मानते हुए तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) (Air Traffic Control) को सूचित किया और कॉकपिट का दरवाजा नहीं खोला गया।

विमान के वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरते ही सीआईएसएफ ने संबंधित यात्री को हिरासत में ले लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। डीसीपी गोमती जोन, आकाश पटेल ने (DCP Gomti Zone, Akash Patel) बताया कि बैंगलुरु से शिवकुमार नामक एक युवक के नेतृत्व में कुल 9 यात्रियों का एक समूह धार्मिक दर्शन के उद्देश्य से वाराणसी आया था। प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी सहित सभी यात्री पहली बार हवाई यात्रा कर रहे थे।

पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि वह वॉशरूम का उपयोग करना चाहता था और गलती से वॉशरूम के बजाय कॉकपिट के पास स्थित कोड मशीन को समझ नहीं पाया। उसने अनजाने में बटन दबा दिया, जिससे कॉकपिट का दरवाजा खोलने का प्रयास हुआ। हालांकि, कॉकपिट का दरवाजा नहीं खुला और स्थिति समय रहते नियंत्रण में आ गई।

पुलिस और सीआईएसएफ द्वारा अब तक की जांच में यात्रियों के पास या उनके सामान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पूछताछ की प्रक्रिया जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Explore our articles