spot_img

Ranchi : रांची पुलिस ने देह व्यापार का किया भंडाफोड़, 11 युवतियां समेत 13 लोगों को हिरासत में लिया

रांची : (Ranchi) झारखंड की राजधानी रांची की पुलिस (Police of Jharkhand’s capital Ranchi) ने रविवार को देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 11 युवतियों समेत कुल 13 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मौके से कई मोबाइल फोन समेत अन्य सामान भी बरामद किये हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

रांची पुलिस के मुताबिक गुप्त सूचना के आधार पर लालपुर थाना क्षेत्र स्थित ओम गर्ल्स हॉस्टल (Om Girls Hostel located in Lalpur police station area) में छापेमारी की गयी। छापेमारी में 11 युवती और दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। युवतियां मूल रूप से बंगाल की रहने वाली हैं। सभी का सत्यापन किया जा रहा है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) सह रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) चंदन कुमार सिन्हा (Chandan Kumar Sinha) ने बताया की रांची पुलिस ने संगठित रूप से चल रहे एक बड़े देह व्यापार गिरोह का खुलासा किया है। रैकेट का लालपुर थाना क्षेत्र स्थित ओम गर्ल्स हॉस्टल से संचालन किया जा रहा था। रैकेट चलाने की सूचना मिली थी, कुछ लोग गर्ल्स हॉस्टल की आड़ में रांची में जिस्मफरोशी का धंधा चला रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच करवाने के बाद इसमें सत्यता पाई गई, जिसके बाद नगर पुलिस उपाधीक्षक (City DSP) केवी रमण (KV Raman) के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर उसमें बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया। टीम ने लालपुर थाना क्षेत्र स्थित ओम गर्ल्स हॉस्टल में छापेमारी कर अभी तक 11 लड़कियों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है।

एसएसपी ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इन लड़कियों को हॉस्टल में रखा जाता था। वहीं से इन्हें विभिन्न जगहों पर ग्राहकों के पास भेजा जाता था। पुलिस सभी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और इसके नेटवर्क का खुलासा हो सके।

एसएसपी ने यह भी बताया कि हाल के दिनों में रांची पुलिस ने होटल में चलने वाले देह व्यापार गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। इसके बाद से ही रैकेट चलाने वाले लोग अपना ठिकाना बदल रहे थे। इसी क्रम में जानकारी मिली कि अब गर्ल्स हॉस्टल के जरिए रैकेट चलाया जा रहा है फिलहाल इस पूरे रैकेट में गर्ल्स हॉस्टल के संचालक की क्या भूमिका है, इसकी भी जांच की जा रही है। अगर संचालक की भूमिका सामने आती है तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी। मामले में जांच पड़ताल जारी है।

छापेमारी कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है, साथ ही रैकेट के सरगना को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। अभी तक जो जानकारी मिली है उसके अनुसार इस रैकेट का संचालन एक महिला के जरिए किया जा रहा था।

Explore our articles