spot_img

Mumbai : मुंबई सहित कई जिलों में भारी बारिश, लोकल रेल सेवा प्रभावित

मुंबई : (Mumbai) मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई इलाकों में हो रही भारी बारिश से रेल पटरियों पर कई जगह जलभराव हो गया है। इससे मुंबई की लोकल रेल सेवा प्रभावित हुई है। मौसम विभाग (Meteorological Department) ने २९ मई तक लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही मछुआरों सहित आम लोगों को समुद्र किनारे जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

महाराष्ट्र में इस साल दस दिन पहले ही मानसून दाखिल हो गया है इसलिए रविवार से राज्य के कई जिलों में भारी बारिश शुरु हो गई है। सोमवार को सुबह से ही मुंबई, ठाणे, कल्याण, विरार , अंबरनाथ और बदलापुर में भारी बारिश हो रही है। इससे रेल पटरियों पर पानी जमा हो गया है। लोकल रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा इलाके में भारी बारिश हो रही है। भारी बारिश की वजह से पुणे के बारामती में स्थित तीन इमारतों में दरार पड़ गई है, जिससे इन इमारतों में रहने वालों को तत्काल नजदीकी स्कूल में शिफ्ट कर दिया गया है। उपमुख्यमंत्री अजीत पवार (Deputy Chief Minister Ajit Pawar) ने आज सुबह ही बारामती सहित पुणे में बारिशग्रस्त इलाकों का दौरा किया और प्रशासन को सतर्क रहने का आदेश दिया है।

इसी तरह मुंबई में कोलाबा, किंगसर्कल, दादर, लालबाग, चुनाभट्टी, अंधेरी, सांताकु्रज, मालाड आदि इलाकों में जोरदार बारिश हो रही है। मुंबई नगर निगम ने अंधेरी, मिलन और मालाड सबवे बंध कर दिया है और लोगों को पर्यायी मार्ग का उपयोग करने का निर्देश जारी किया है। जलभराव वाले निचले इलाकों में नगर निगमकर्मी पंपिंग से जलनिकासी कर रहे हैं। बारिश की वजह से मंत्रालय में भी जलभराव हो गया है, यहां भी जलनिकासी का काम जारी है।

Explore our articles