कोंडागांव : (Kondagaon) जिले के ग्राम जोबा में पानी की भीषण समस्या से लोग जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि, जोबा गांव के 1700 लोग एक ही कुएं पर निर्भर हैं, इन दिनाें लगातार हाे रही बारिश से मिली राहत से कुएं का पानी 15 दिन और चल जायेगा। पानी की समस्या का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि रोज सुबह 6 बजे से ही जाेबा गांव की महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे पानी के बर्तन लेकर कुएं की तरफ निकल पड़ते हैं। लंबी दूरी तय करके कुएं का पानी लाना मजबूरी बन गया है, यह स्थिति कई सालों से बनी हुई है। गांव की सरपंच सुपन कश्यप के अनुसार गांव से महज 5 किलोमीटर दूर कोसारटेडा बांध स्थित है। इस बांध से गांव को पानी मिल सकता है, कई बार आवेदन किया गया है, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य बालसिंग बघेल ने बताया कि, प्रशासन को कई बार प्रोजेक्ट भेजा गया है। कोसारटेडा से पानी की सप्लाई संभव है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। वहीं ग्रामीणाें का कहना है कि रोज पानी की तलाश में निकलना पड़ता है, गर्मी में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, तब दूसरे गांव से पानी लाना पड़ता है।


