spot_img

New Delhi : यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाने का अभियान शुरू

नई दिल्ली : (New Delhi)दिल्ली में यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाने का अभियान शुरू हो गया है। यमुना से रविवार को कचरा उठाने वाले स्किमर, खरपतवार काटने वाली मशीने और ड्रेज यूटिलिटी क्राफ्ट ने सफाई शुरू कर दी है। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कल मुख्य सचिव और एसीएस (आई एंड एफसी) से मुलाकात करके तुरंत यमुना की सफाई शुरू करने के लिए कहा था। दिल्ली विधानसभा चुनावों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनसभाओं में यमुना को साफ करने का वादा किया था।

उपराज्यपाल कार्यालय के अनुसार यमुना की सफाई के लिए चार सूत्रीय रणनीति बनाई गई है। सबसे पहले यमुना नदी की धारा में जमा कचरा, कूड़ा और गाद हटाया जाएगा। इसके बाद नजफगढ़ नाले, सप्लीमेंट्री नाले और अन्य सभी प्रमुख नालों में सफाई अभियान शुरू किया जाएगा। मौजूदा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की क्षमता और उत्पादन के संदर्भ में दैनिक निगरानी रखी जाएगी। इसके बाद करीब 400 एमजीडी सीवर के उपचार की वास्तविक कमी को पूरा करने के लिए नालों आदि पर नए एसटीपी/डीएसटीपी के निर्माण के संदर्भ में एक समयबद्ध योजना बनाई जाएगी और उसे शुरू किया जाएगा।

लगभग तीन वर्षों में यमुना को साफ करने का लक्ष्य रखने वाली इस महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन के लिए विभिन्न एजेंसियों और विभागों के बीच निर्बाध समन्वय की आवश्यकता होगी। इसमें डीजेबी, आईएंडएफसी, एमसीडी, पर्यावरण विभाग, पीडब्ल्यूडी और डीडीए शामिल हैं। उपर्युक्त कार्यों की निगरानी साप्ताहिक आधार पर उच्चतम स्तर पर की जाएगी। इसके अलावा, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) को शहर में औद्योगिक इकाइयों द्वारा नालों में अनुपचारित अपशिष्ट के निर्वहन पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।

Explore our articles