spot_img

New Delhi : अंतरराष्ट्रीय फ्लीट रिव्यू में हिस्सा लेने इंडोनेशिया पहुंचे ​भारतीय नौसेना के जहाज और विमान

नई दिल्ली : (New Delhi)भारतीय नौसेना का जहाज आईएनएस शार्दुल और लंबी दूरी की समुद्री निगरानी पी-8आई विमान इस समय अंतरराष्ट्रीय फ्लीट रिव्यू (आईएफआर) में हिस्सा लेने के लिए इंडोनेशिया के बाली पहुंच गए हैं। प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय नौसैनिक कार्यक्रम की समीक्षा इंडोनेशिया के राष्ट्रपति करेंगे और इसमें विभिन्न देशों के नौसेना बल भाग लेंगे। इंडोनेशियाई नौसेना का अंतरराष्ट्रीय फ्लीट रिव्यू 22 फरवरी तक चलेगा।

भारतीय नौसेना अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा संगोष्ठी और सामरिक फ़्लोर गेम्स सहित विभिन्न उच्च-स्तरीय कार्यक्रमों में भी भाग लेगी। इसके अतिरिक्त चालक दल बहुराष्ट्रीय गतिविधियों जैसे- शहर परेड, मूंगा और मैंग्रोव पौधरोपण, समुद्र तट की सफाई में भी शामिल होगा, जो पर्यावरण संरक्षण और समुद्री सहयोग के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। आईएफआर के बाद आईएनएस शार्दुल और पी-8आई अभ्यास कोमोडो में भाग लेंगे। यह बहुपक्षीय नौसैनिक अभ्यास है, जिसका उद्देश्य समुद्री अंतर-संचालन और क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग को बढ़ाना है।

भारत और इंडोनेशियाई नौसेना के मजबूत संबंध हैं, क्योंकि पिछले माह जनवरी में इंडोनेशिया में हुए अभ्यास ‘ला पेरोस’ में आईएनएस मुंबई और पी-8आई विमान ने भागीदारी की थी। इस बार गणतंत्र दिवस परेड के मुख्य अतिथि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो के साथ उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भारत आया था। इसी हिस्से के रूप में इंडोनेशियाई नौसेना के चीफ ऑफ स्टाफ एडमिरल मुहम्मद अली भी भारत यात्रा पर आये थे। इस अभ्यास में भारतीय नौसेना की नियमित भागीदारी क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास (सागर) को बनाए रखने के लिए क्षेत्रीय नौसेनाओं के साथ जुड़ने की भारतीय प्रतिबद्धता की पुष्टि है।-

Explore our articles