फिरोजाबाद : प्रॉपर्टी डीलर के परिवार वालों का शक सही साबित हुआ। लापता प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या के बाद शव को नहर में फेंका गया था। इटावा पुलिस ने सोमवार को शव को इटावा जिले के भरथना के पास नहर से बरामद कर लिया है। इटावा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फिर परिवार को सौंप दिया।
थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के कटरा मीरा निवासी जितेंद्र उर्फ पप्पू जमीनों की खरीद-फरोख्द का कार्य करते थे। उन्हें शनिवार को राजेन्द्र कुशवाह निवासी असुआ अपने साथ घर से बुलाकर ले गया था। वह काफी देर तक वापस नहीं आए तो परिवार वालों ने कॉल किया, लेकिन प्रॉपर्टी डीलर का फोन बंद जाने लगा। इस पर परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने प्रॉपर्टी डीलर की खोजबीन की। कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों ने देर रात थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तत्काल आरोपी और उसके परिजनों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने गोली मार जितेंद्र की हत्या कर दी है और शव को नहर में फेंका था। उसके बाद पुलिस और परिजनों ने प्रॉपर्टी डीलर के शव की नहर में खोजबीन शुरू की। गोताखोरों की टीम को उतार दिया, लेकिन शव बहता हुआ इटावा क्षेत्र में पहुंच गया। इटावा पुलिस ने सोमवार को शव को नहर से बरामद कर शिकोहाबाद पुलिस को सूचना दी। इटावा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। शव मिलने की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रोने बिलखने लगे। मृतक की पत्नी शिखा, बेटी खुशी एवं बेटा हर्ष का रो-रोकर बुरा हाल है।


