spot_img

Mumbai : कांग्रेस का स्टार प्रचारक पद छोड़ने वाले नसीम खान बोले- पार्टी नहीं छोड़ेंगे

मुंबई : (Mumbai) महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान (president Naseem Khan) ने स्टार प्रचारक का पद छोड़ने के एक दिन बाद शनिवार को कहा कि पार्टी नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि इस पूरे मसले पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से जल्द मिलकर चर्चा करेंगे।

लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में कांग्रेस द्वारा एक भी मुस्लिम उम्मीदवार (Muslim candidate in Maharashtra) नहीं बनाए जाने से नाराज नसीम खान ने शनिवार को पत्रकारों से कहा कि पार्टी की ओर से उन्हें उत्तर-मध्य मुंबई लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए कहा गया था। इसी वजह से उन्होंने चुनाव लड़ने की तैयारी भी शुरू कर दी थी। इस सीट पर वर्षा गायकवाड़ को उम्मीदवार बनाया गया है। इसलिए इसके आगे वे चुनाव प्रचार नहीं करेंगे। नसीम खान ने कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले और दूसरे चरण के लिए उन्होंने विभिन्न राज्यों में जाकर प्रचार किया था।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कल्चर सभी धर्म, समुदाय, समाज को साथ लेकर चलने का है। महाराष्ट्र की कई सीटों पर मुस्लिम समाज की आबादी 20 फीसदी तक है। इन क्षेत्रों से उन्हें पूछा जा रहा है कि कांग्रेस ने मुस्लिम समाज को प्रतिनिधित्व क्यों नहीं दिया, इसका जवाब वे दे नहीं पा रहे हैं। नसीम खान ने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस का एक नेता शीर्ष नेतृत्व को गलत जानकारी दे रहा है। इससे कांग्रेस को महाराष्ट्र में नुकसान उठाना पड़ रहा है। एआईएमआईएम के जलील खान ने नसीम खान को पार्टी में आने का खुला आफर दिया था। इससे जुड़े सवाल पर नसीम खान ने कहा कि वे किसी भी पार्टी में नहीं जाएंगे। कांग्रेस में ही रह कर अपने हक की लड़ाई लड़ेंगे।

Explore our articles