धमतरी : रायपुर रेंज के नये आईजी अमरेश मिश्रा 21 फरवरी को पुलिस के कार्यों की समीक्षा करने धमतरी पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस और पब्लिक का हमेशा मधुर नाता रहा है। पब्लिक के बिना कोई भी अपराध रोकना संभव नहीं है। ऐसी बातों को हमेशा जागरूक कर पुलिस कर्मी को बताया जाता है कि जनता का उपयोग और सहयोग कैसे लें। नक्सलवाद को रोकने के लिए ऑपरेशन चलाया जाना शासन की प्राथमिकता में है। आगामी लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पिछले समय में प्राप्त सभी सफलताओं को सबक में लेकर आगे भी कार्य किया जायेगा।
आईजी अमरेश मिश्रा बुधवार को धमतरी जिले के पुलिस के कार्यों की समीक्षा करने आये थे। उन्होंने एसपी कार्यालय में पुलिस विभाग के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों की बैठक के बाद चर्चा करते हुए कहा कि जिले में नक्सलवाद, अपराध, कानून जैसे विभिन्न चुनौतियां है। जिसे निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। विधानसभा के बाद लोकसभा चुनाव को शांति पूर्वक ढंग से संपन्न कराने के लिए आपरेशन चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि नशाखोरी को रोकना शासन की प्राथमिकता है। नशे से प्रभावित लोगों की पहचान कर अस्पताल में ईलाज कराया जाना भी है। उन्होंने कहा कि अपराध को रोकने की दिशा में मैने सुझाव दिया। इसके अलावा जिले में जो भी कार्य किया जा रहा, उसकी जानकारी दी गई। आने वाले समय में अच्छे नतीजे दिखेंगे। उन्होंने महिला अपराधों को लेकर कहा कि सभी थानों में महिला अधिकारी तैनात रहेंगी ताकि उनके माध्यम से विवेचना हो सके। अगर किसी थाने में महिला पुलिस नहीं है तो उपलब्ध कराया जाएगा। जिले के लिए प्रस्तावित महिला एवं यातायात थाना पर कहा कि यह शासन स्तर का मामला है।


