चेन्नई : हिंदी सिनेमा के सुपरस्टार और एनिमल मूवी से सूर्खियां बटोरने वाले अभिनेता अनिल कपूर सोमवार को चेन्नई आए थे। यहां उन्होंने शहर की अपनी ढेर सारी यादों को फिर से ताजा किया। सबसे रोचक बात यह रही है कि उन्होंने तमिल और हिंदी सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत के साथ अभिनय करने वाले कई दूसरे तमिल सितारों के साथ अपने यादगार पलों को साझा किया। उन्होंने कहा कि तमिल फिल्म में काम करने का अवसर मिलता है तो वो उनकी जिंदगी एक यादगार अनुभव होगा।
तमिल फिल्मों में काम करने में अपनी रुचि के बारे में अनिल कपूर ने कहा कि “मैंने तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम फिल्मों में अभिनय किया है, लेकिन मुझे अभी तक एक तमिल फिल्म करने का मौका नहीं मिला है। मेरी हमेशा से इच्छा रही है कि मैं तमिल फिल्मों में कम करुं। मुझे आश्चर्य है कि तमिल सिनेमा में इतने सारे प्रतिभाशाली निर्देशक हैं, लेकिन आज तक किसी ने भी मुझे किसी भूमिका की पेशकश नहीं की।”
उन्होंने यह भी कहा, ”मैं हर स्तर के अनुभव वाले निर्देशकों के साथ काम करने के लिए तैयार हूं। फिल्मों में मेरी यात्रा विविध रही है, जिसमें नए कलाकारों से लेकर नामवर कलाकारों और सफल फिल्म निर्माताओं तक शामिल हैं। जब मैं एक सम्मोहक कहानी सुनता हूं और सभी चीजें सही लोगों के साथ जुड़ती हैं, तभी मैं फिल्म बनाने का फैसला करता हूं।”


