मेरठ : परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवक ने पत्नी के प्रेमी को गोली मार दी। घायल को गंभीर हालत में दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है,जबकि आरोपित फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में योगेश उर्फ कालू मजदूरी का काम करता है। योगेश की पत्नी नेहा का गांव के ही शिवम से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ समय पहले नेहा दो बच्चों के साथ शिवम के साथ फरार हो गई थी। समाज के दबाव में कुछ दिन बाद दोनों वापस लौट आए थे। इसके बाद से ही महिला अपने प्रेमी के साथ रहने पर अड़ी थी। इसके बाद गांव में पंचायत हुई। पंचायत में महिला ने अपने प्रेमी के साथ जाने की बात कही। इसके बाद शिवम अपनी प्रेमिका के साथ परीक्षितगढ़ कस्बे में बस स्टैंड के पास किराए के मकान में रहने लगा। इस बात को लेकर योगेश अपने मन में शिवम से रंजिश रखने लगा।
शुक्रवार को शिवम परीक्षितगढ़ में अपने किराए के मकान के बाहर खड़ा था। उसी दौरान योगेश अपने साथ शिब्बू के साथ आया। शिब्बू ने शिवम को पकड़ लिया और योगेश ने उसकी कनपटी से सटाकर गोली मार दी। गोली उसकी आंख से पार होकर सिर में धंस गई। इसके बाद आरोपित फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर लोग इकट्ठा हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल शिवम को एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। शनिवार को उसे गंभीर हालत देखकर उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया। जहां पर उसे दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया। परीक्षितगढ़ थाना प्रभारी चमन प्रकाश शर्मा के अनुसार, परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


