बारामूला : उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जनरल बिपिन रावत के नाम पर बने बारामूला स्टेडियम को जनता को समर्पित किया।
बहादुर सैनिक और सैन्य रणनीतिकार को श्रद्धांजलि देते हुए उपराज्यपाल ने उत्तरी कश्मीर में विभिन्न क्षमताओं में जनरल बिपिन रावत की सेवा और शांति, प्रगति और समृद्धि में उनके अपार योगदान को याद किया।
बारामूला में उपराज्यपाल विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल हुए और यह सुनिश्चित करने के लिए समाज के सभी वर्गों से सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया कि कोई भी लाभार्थी छूट न जाए। उन्होंने 38 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
उन्होंने कहा कि पूरे केंद्र शासित प्रदेश में विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान नागरिकों की प्रभावशाली भागीदारी पिछले कुछ वर्षों में माननीय प्रधान मंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में हुए परिवर्तन का प्रतिबिंब है।
उपराज्यपाल ने कहा, “सभी जिलों में तेजी से विकास हो रहा है और ग्रामीण जम्मू कश्मीर में कल्पना से परे बदलाव आया है।“ हम लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को काफी हद तक पूरा करने में सफल रहे हैं। आज जम्मू कश्मीर के लोगों के पास बेहतर गुणवत्ता वाला जीवन और विकास के समान आर्थिक अवसर हैं।
इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि नए बुनियादी ढांचे, ज्ञान अर्थव्यवस्था के निर्माण और योजनाओं की 100 प्रतिषत संतृप्ति हासिल करने की दिशा में हमारे प्रयास जम्मू-कश्मीर को उसकी नियति का एहसास सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बारामूला जिले के विकास के लिए जम्मू-कश्मीर प्रशासन द्वारा की गई प्रमुख पहलों पर भी प्रकाश डाला। जिले में एक नया पर्यटन सर्किट विकसित करने पर चल रहे काम का अवलोकन किया, जिससे मुंडाजी, लाडू, काजीनाग, राजपोरा, रामपोरा और उड़ी जैसे क्षेत्रों को लाभ होगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मुझे घाटी में बर्फबारी की उम्मीद है क्योंकि यह इस मौसम में पर्यटन और बिजली परियोजनाओं के लिए महत्वपूर्ण है।
उपराज्यपाल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को मंजूरी पत्र सौंपे। उन्होंने अधिकारियों और नागरिकों को ’हमारा संकल्प, विकसित भारत’ की शपथ दिलाई।
खेल गतिविधियों और सांस्कृतिक प्रदर्शनों को उपराज्यपाल से विशेष सराहना मिली। आज उपराज्यपाल द्वारा उद्घाटन की गई परियोजनाओं में ब्लॉक विकास परिषद तंगमर्ग के लिए कार्यालय आवास, डब्ल्यूएसएस एग्लर, सगीपोरा रजाकपोरा, अचबल दोआबगाह, गुंड दलवाश, गनी वानी मंचखुद में जल आपूर्ति योजनाओं के रेट्रोफिटिंग कार्य, जिले में सब स्टेशन और एलटी/एचटी नेटवर्क का सुधार और सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पट्टन में मॉडल स्कूल षामिल हैं।
उपराज्यपाल ने जिन परियोजनाओं की आधारशिला रखी उनमें शेख-उल-आलम स्टेडियम में फुटबॉल के लिए एस्ट्रो टर्फ, तुलीबल सोपोर में 8-लेन सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक सरफेस, जनरल बिपिन रावत स्टेडियम के लिए ब्लो मोल्डेड कुर्सियों की स्थापना, बारामूला में मशरूम संवर्धन के तहत सार्वजनिक क्षेत्र में स्पॉन उत्पादन प्रयोगशाला और सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ऑथूरा में प्रयोगशाला ब्लॉक शामिल हैं।
इस अवसर पर अध्यक्ष जिला विकास परिषद बारामूला सफीना बेग, जीओसी 15 कोर लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई, आईजीपी कश्मीर विधि कुमार बर्डी, संभागीय आयुक्त कश्मीर विजय कुमार बिधूड़ी, सचिव युवा सेवा एवं खेल सरमद हफीज, उपायुक्त बारामूला मिंगा शेरपा, सुरक्षा बलों, नागरिक और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व पीआरआई सदस्य, बड़ी संख्या में युवा एवं लोग उपस्थित थे।


