आरएस पुरा : श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के पावन प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य पर सिंह सभा गुरुद्वारा दब्लैहड आरएस पुरा की तरफ से शनिवार को भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। यह सिंह सभा गुरुद्वारा दब्लैहड से आरंभ हुआ और गांव चक इस्लाम, ममका, कीरपिंड, टांडा सहित क्षेत्र के अलग-अलग गांव से होते हुए गांव दब्लैहड में जाकर संपन्न हुआ।
कड़ाके की सर्दी होने के बावजूद श्रद्धालुओं में काफी उत्साह नजर आ रहा था। नगर कीर्तन की अगुवाई गुरु जी के पांच प्यारे कर रहे थे जबकि उसके पीछे गुरु जी की फूलों से सजी पालकी चल रही थी। पालकी के पीछे क्षेत्र की संगत शब्द कीर्तन करते हुए चल रही थी जिससे क्षेत्र का पूरा माहौल गुरु जी के रंग में रंगा हुआ नजर आया। नगर कीर्तन के दौरान सेवादारों ने सफाई का जिम्मा उठाया और जहां-जहां से नगर कीर्तन गुजरा वहां-वहां उन्होंने साफ सफाई कर सड़क पर पानी का छिड़काव भी किया।
इस मौके पर श्रद्धालुओं द्वारा सो निहाल, सत श्री अकाल, राज करेगा खालसा के जयकारों की भी गूंज सुनाई दी। इसके अलावा सिख नौजवानों की तरफ से गतके के माध्यम से अपने जौहर दिखाए गए। इस दौरान स्थानीय लोगों द्वारा जगह-जगह पर खाने-पीने के स्टाल लगाकर नगर कीर्तन में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। इस भव्य नगर कीर्तन में सिख संगत के अलावा अन्य धर्म के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और गुरु जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके अलावा नगर कीर्तन में शामिल रागी कीर्तन के सदस्यों द्वारा श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की जीवनी, धर्म की रक्षा के लिए उनके सर्वाेच्च बलिदान संबंधी शब्दों को संगत के समक्ष रखा और गुरु जी के बलिदान के बारे में अवगत करवाया। इस मौके पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार सुच्चा सिंह तथा महासचिव सुरेंद्र सिंह पप्पू ने बताया कि हर वर्ष श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के पावन प्रकाश उत्सव के उपलक्ष पर भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया जाता है जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। उन्होंने बताया कि श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का प्रकाश उत्सव धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने इस मौके पर सभी संगत का धन्यवाद किया और कहा कि सभी धर्म के लोगों ने इस भव्य नगर कीर्तन में हिस्सा लिया है और गुरुजी के प्रति अपनी आस्था का परिचय दिया है। इस दौरान प्रशासन की तरफ से भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे और पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। इस मौके पर सरपंच हजारा सिंह सहित क्षेत्र के प्रमुख लोग भी मौजूद रहे।


