spot_img

Dehradun: मतदाताओं के विवेक पर सवाल उठा रही कांग्रेस : भाजपा

ग़रीबों की सेवा को ख़ैरात कह कर कांग्रेस बना रही है मजाक

देहरादून:(Dehradun) भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान (Manveer Singh Chauhan) ने कहा कि राज्यों के इन चुनाव के नतीजों में कांग्रेस के प्रायोजित मुद्दों और दुष्प्रचार की हार पर उसका मतदाताओं के विवेक पर सवाल उठाना सरासर गलत है।

भाजपा के मीडिया प्रभारी चौहान ने जारी बयान में कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से चुनाव में मुद्दों की हार और खैरात की जीत के बारे में दिये बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनाव नतीजों में कुछ भी अप्रत्याशित नही बल्कि स्वाभाविक है। कांग्रेस जिन्हें मुद्दे कह रही है वह भाजपा के खिलाफ प्रायोजित दुष्प्रचार था। उस दुष्प्रचार का जनता ने उसी अंदाज में जवाब भी दिया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों में जन भावनाओं के बजाय कांग्रेस मनमानी पर उतर गयी थी। दूसरों को खैरात का ज्ञान बांटने की बात कहने वाली कांग्रेस को राजस्थान में जनता ने सबक सिखाया। आस्था और सनातन के मामले में लोग सम्मान से समझौता नही कर सकते, लोगों ने कांग्रेस को यह अहसास करा दिया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने कोई लोकलुभावन घोषणा नही की और वह विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है। देश की जनता को प्रधानमंत्री मोदी का विकास का विजन पसंद है, इसलिए उसे कांग्रेस किसी लुभावन घोषणा अथवा कथित खैरात की जरूरत नही। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष के खैरात पर मिली जीत जैसे वक्तव्य को निराशा की स्थिति में खीज करार दिया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को महज भाजपा शासित राज्यों में मुद्दे नजर आते हैं और उन्हें षड्यंत्र और दुष्प्रचार की चासनी में परोसकर जनता के बीच ले जाने की उसकी हर कोशिश विफल होती रही है।

कांग्रेस को जनता के बीच रहकर जनता के मुद्दे उठाने होंगे और उन्हें निराकरण की दिशा में भी आगे आना होगा। देश की जनता के बीच प्रधानमंत्री मोदी ही भरोसे के प्रतीक है और यह भरोसा उन्होंने एक कथनी करनी और सबका साथ सबका विकास की अवधारणा पर खरा उतरकर अर्जित किया है।

Explore our articles