जयपुर : (Jaipur) सांगानेर थाना (Sanganer police station) इलाके में विवादित जमीन पर समुदाय विशेष द्वारा शव दफनाने को लेकर लोगों ने रविवार सुबह सांगानेर थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। लोगों ने रोष जताते हुए जय श्रीराम के नारे लगाने के साथ हनुमान चालीसा पढी। करीब पांच घंटे तक लोग विवादित जमीन पर शव नहीं दफनाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते रहे। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों में समझाइश कर प्रदर्शनकारियों को सहमति देकर मामले को शांत करवाया।
थानाधिकारी अमित कुमार शर्मा ने बताया कि गायत्री नगर-दो और मोती बिहार के बीच में एक विवादित जगह है। समुदाय विशेष की ओर से शव को दफनाने के लिए जमीन काम ली जाती है। रविवार सुबह समुदाय विशेष की ओर से एक शव को दफनाने के लिए लोग पहुंचे। जहां स्थानीय लोगों ने शव दफनाने को लेकर विरोध किया। धार्मिक स्थल होने और दफनाने की जगह चिन्हित होने तक शव नहीं आने की कहा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद गुस्साए दोनों पक्ष सांगानेर थाने पहुंचे। पुलिस को दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बात रखी। इसके बाद विवादित जगह पर शव नहीं दफनाने की मांग को लेकर एक पक्ष ने सांगानेर थाने का घेराव कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। साथ ही रोष जताते हुए जयश्रीराम के नारे लगाकर हनुमान चालीसा पढ़कर विरोध प्रदर्शन किया।
विश्व हिंदू परिषद सांगानेर जिलामंत्री विष्णु शर्मा ने बताया कि प्रदर्शन के बाद पुलिस अफसरों ने दोनों पक्षों में समझाइश की। साथ ही जेडीए की ओर से विवादित जमीन का सीमांकन नहीं होने तक शव नहीं दफनाने की बात पर सहमति बनी। सीमाकन नहीं होने तक शवों को सांगानेर और हल्दी घाटी स्थित कब्रिस्तान में दफनाने तय हुआ। इस बात पर सहमति बनाने पर मामला शांत हुआ।


