मुरैना : मध्यप्रदेश संस्कृति, संस्कार और आध्यात्म की भूमि है। मप्र के लोग संस्कृति और धर्म के प्रति आस्थावान लोग है। उज्जैन में महाकाल लोक का निर्माण, आदि शंकराचार्य की प्रतिमा की स्थापना मप्र में हुई है। भाजपा के शासन में मप्र बीमारू राज्य से विकसित राज्यों की श्रेणी में आ गया है।
यह बात भारत सरकार के पूर्व कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहीं। बुधवार को अल्प प्रवास पर मुरैना पहुंचें प्रसाद स्थानीय होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश को कैसे बदला जा सकता है यह भाजपा ने करके दिखाया है। 2014 से पहले 90 फीसदी स्मार्ट फोन दूसरे देशों से आयात किए जाते थे। आज हालात यह है कि स्मार्ट फोन का 90 प्रतिशत निर्माण भारत में होता है। यहां से दूसरे देशों के लिए स्मार्ट फोन निर्यात किए जा रहे है। स्मार्ट फोन निर्माता कंपनी एप्पल भारत में 50 हजार करोड़ रूपये का निवेश करने जा रही है।
पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों को लेकर प्रसाद ने कहा कि मप्र, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकारें बनने जा रही है। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए श्री प्रसाद ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बनने से कांग्रेस परेशान है। चुनावों के दौरान खुद को हिंदू बताने वाले कांग्रेस नेता कभी रामलला के दर्शन के लिए नहीं गए है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तीन तलाक कानून का विरोध करने वाली, हमास को लेकर चिंता जताने वाली और आतंकवाद पर खामोश रहने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली पार्टी है। विपक्ष के आईएनडीआईए गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले पांच राज्यों में हो रहे चुनाव यानि राजनीति के पहले झोंके में ही गठबंधन तिनके की भांति बिखर गया है।
जातीय जनगणना के सवाल पर पूर्व कानून मंत्री प्रसाद ने कहा कि भाजपा जातीय जनगणना के खिलाफ नहीं है, बशर्तें जनगणना का काम पूरी ईमानदारी से हो। राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता हर छह महीने में राहुल गांधी को एक चिट पकड़ा देते है, वे उसी चिट पर लगातार बोलते रहते है। प्रेसवार्ता में वरिष्ठ भाजपा नेता महेश मिश्रा एडवोकेट, जिला महामंत्री चारुकृष्ण डण्डौतिया, जिला मीडिया प्रभारी नीरज सिंह भदौरिया, अतुल सिंह तोमर मौजूद रहे।


