नई दिल्ली: (New Delhi) संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (यूएनडब्ल्यूटीओ) ने गुजरात के कच्छ जिले में स्थित धोरडो गांव को 54 उत्कृष्ट पर्यटन गांवों की सूची में शामिल किया है। प्रधानमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए धोरडो गांव की सराहना की है। धोरडो के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए मोदी ने 2009 और 2015 में गांव की अपनी यात्रा की कुछ तस्वीरें भी साझा की हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, “कच्छ में धोरड़ो को उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता के लिए मनाया जाता देखकर बेहद रोमांचित हूं। यह सम्मान न केवल भारतीय पर्यटन की क्षमता को दर्शाता है, बल्कि विशेष रूप से कच्छ के लोगों के समर्पण को भी दर्शाता है।”
उन्होंने कहा कि धोरडो चमकता रहे और दुनिया भर से पर्यटकों को आकर्षित करता रहे।प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं 2009 और 2015 में धोरडो की अपनी यात्राओं की कुछ यादें साझा कर रहा हूं। मैं आप सभी को धोरडो की अपनी पिछली यात्राओं की यादें साझा करने के लिए भी आमंत्रित करता हूं। इससे अधिक लोगों को यहां आने के लिए प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने लोगों से इसके लिए हैस टैग #AmazingDhordo का उपयोग करने का भी आग्रह किया।


