spot_img

Mumbai : महाराष्ट्र में कांट्रेक्ट नौकर भर्ती के सभी शासनादेश रद्द: देवेंद्र फडणवीस

मुंबई: (Mumbai) राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र में कांट्रेक्ट नौकर भर्ती के सभी कांट्रेक्ट को तत्काल प्रभाव से रद्द किए जाने का फैसला लिया गया है। फडणवीस ने कहा कि राज्य में कांट्रैक्ट नौकर भर्ती की शुरुआत कांग्रेस, राकांपा और शिवसेना ने शुरु की थी। इसलिए इन दलों के नेताओं को आम जनता से माफी मांगना चाहिए।

देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि कांग्रेस-राकांपा सरकार ने राज्य में कांट्रैक्ट नौकर भर्ती की शुरुआत वर्ष 2003 में ही शुरु किया था। उस समय राज्य के कई विभागों में विभिन्न पदों पर नौकर भर्ती की गई थी। इसके बाद वर्ष 2010 और 2011 में भी कांट्रैक्ट पर नौकर भर्ती की गई थी। वर्ष 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी कांट्रैक्ट पर विभिन्न सरकारी पदों पर नौकर भर्ती की थी। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि उनकी सरकार आने के बाद इन पदों पर देय रकम को कैबिनेट की बैठक में कम किया था।

उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि नौकर भर्ती के नाम पर आज कांग्रेस-राकांपा और शिवसेना उद्धव बालासाहेब पार्टी के लोग आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन यह भर्ती इन लोगों ने ही शुरू किया है। इस तरह यह लोग आम जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। फडणवीस ने कहा कि कांग्रेस-राकांपा और शिवसेना अपना पाप हमारी सरकार पर थोपने का प्रयास कर रहे हैं, इसलिए इन तीनों दलों को राज्य की आम जनता से माफी मांगनी चाहिए।

Explore our articles