मुरादाबाद: (Moradabad) शुक्रवार देर रात तेज हवा के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई जो शनिवार सुबह तक जारी रही। अचानक हुई बारिश से अधिकतम और न्यूनतम तापमान दो-दो डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया। इस बारिश से मौसम काफी सुहावना हो गया है। लोगों को गर्मी से निजात मिल गई। बारिश से विभिन्न कॉलोनियों और मोहल्लों में पानी भर गया।
शुक्रवार को आधी रात के बाद 03 बजे तेज हवा के साथ आसमान में बिजली चमकनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में देखते ही देखते ताबड़तोड़ बारिश शुरू हो गई। लगभग 02 घंटे मूसलाधार बारिश होने के बाद सुबह तक हल्की बूंदाबांदी जारी रही। इस बारिश से गर्मी के मौसम में लोगों को ठंड का आभास होने लगा। राजकीय इंटर कॉलेज में मौसम प्रयोगशाला के प्रभारी निसार अहमद ने बताया कि बारिश से आज का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री है। तीन-चार दिन बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी होगी। अचानक मौसम में हुए इस बदलाव से आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान औसतन 23 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


