spot_img

Ahmedabad: अरब सागर में बने नए सिस्टम से गुजरात में फिर भारी बारिश का अनुमान

तेज हवाओं का जोर रहेगा, 40 किमी प्रति घंटे की हो सकती है रफ्तार

अहमदाबाद:(Ahmedabad): अरब सागर में बने नए सिस्टम से गुजरात में फिर भारी बारिश का अनुमान) गुजरात के कई क्षेत्रों में शनिवार और रविवार को भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। साथ ही तेज हवाओं का जोर भी रहेगा। 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा बह सकती है। दक्षिण और मध्य गुजरात में इसका खास असर देखा जा सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण पाकिस्तान और कच्छ के समीप अरब सागर में सिस्टम सक्रिय होने से गुजरात में बारिश होने की संभावना है। मध्य गुजरात में बारिश होने का अनुमान है। इस नए सिस्टम के सक्रिय होने से आगामी दिनों में वडोदरा, दाहोद, पंचमहाल, बनासकांठा, साबरकांठा में भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। इसके अलावा अहमदाबाद, गांधीनगर में भी हल्की बारिश होगी। सौराष्ट्र के समुद्री किनारे के क्षेत्रों के अंदरुनी भागों में थंडर स्ट्रोम सक्रिय हो सकता है। इसके तहत 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ हवा बहेगी, वहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। राज्य में अभी तक 115.5 फीसदी बारिश हो चुकी है।

मौसम विभाग की सूचना के अनुसार बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती सर्कुलेशन बना था, जो अब लो-प्रेशर एरिया में बदल जाएगा। यह सिस्टम लो-प्रेशर एरिया में बदलने के बाद आगे बढ़ेगा। इससे गुजरात के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। अक्टूबर महीने के प्रथम सप्ताह में बारिश का एक राउण्ड देखने को मिल सकता है।

गुजरात के मौसम विशेषज्ञ अंबालाल पटेल ने बताया कि राज्य में नया बरसाती सिस्टम सक्रिय होगा, जो देश के पूर्वी भागों में भारी बारिश लाएगा। इस नए बरसाती सिस्टम के कारण दक्षिण गुजरात के कई हिस्सों में भारी बारिश होगी। वहीं 27-28 सितम्बर तक सौराष्ट्र के कई हिस्सों में बारिश होगी। पश्चिम सौराष्ट्र, उत्तर सौराष्ट्र और कच्छ में भी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक रामाश्रय यादव के अनुसार दक्षिण पाकिस्तान और कच्छ से सटे एक सिस्टम के सक्रिय होने से आगामी दो दिनों के दौरान गुजरात में भारी बारिश होगी। सूरत, डांग, तापी, नवसारी, वलसाड में शनिवार को भारी बारिश होगी। इसके अलावा रविवार को वडोदरा, दाहोद, पंचमहाल, बनासकांठा, साबरकांठा में भारी बारिश होगी। अहमदाबाद और गांधीनगर में हल्की बारिश की संभावना है।

Explore our articles