spot_img

Deoghar: हर-हर महादेव की देवघर में गूंज, सावन का अंतिम सोमवार, कांवड़ तीर्थयात्रियों की लंबी कतार

देवघर:(Deoghar) झारखंड में श्रावण (Sawan) मास के आठवें और आखिरी सोमवार को भगवान शिव की नगरी में आस्था का जनसैलाब उमड़ा है। जलाभिषेक के लिए कांवड़ तीर्थयात्रियों की कतार बी-एड कॉलेज तक पहुंच गई है। सरदारी पूजा संपन्न होने के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट सुबह चार बजे खोले गए। पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान है।

देवघर बैद्यनाथ धाम के सरदार पंडा ने बताया कि आज चौथे सोमवार और प्रदोष का सुखद संयोग है। आज संतान प्राप्ति के लिए व्रत करना सबसे उत्तम होता है। डीसी विशाल सागर ने कहा कि धाम और आसपास के क्षेत्र में हर तरह की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों की आठ घंटे की ड्यूटी में परिवर्तन किया गया है। उन्हें आज 12 घंटे ड्यूटी करनी होगी। सभी जगह दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। उधर, मंदिर प्रभारी दीपांकर चौधरी ने सुबह पूरे परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी फोन व वाॅकी टॉकी पर एक-दूसरे के संपर्क में रहेंगे। सभी स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था की गई है। पार्वती मंदिर और बाह्य अरघा के आसपास सुरक्षाचक्र और मजबूत किया गया है।

Explore our articles