मुरैना : रविवार को जिले के बागचीनी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना घटित हुई थी। इस घटना में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उक्त मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी एवं एक अन्य को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान, अतरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद ठाकुर के द्वारा तिहरे हत्याकांड का खुलासा करने के निर्देश थाना प्रभारी को दिए गए थे। बागचीनी थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह कुशवाह ने मुखबिर की सूचना से हत्या करने वाले दो आरोपियों को कट्टा एवं कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही एक युवक पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताया गया है। मुख्य आरोपी त्रिलोकी ने पत्नी राखी, साली जूली और साला शिवराज की रविवार को बस स्टैंड पर गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिसमें आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
बताया जाता है कि तीनों मृतक त्रिलोकी की मां के साथ मारपीट कर घर में ताला लगाकर अपने घर जा रहे थे और बस में बैठने के लिए पहुंचे थे, तभी त्रिलोकी ने बस स्टैंड पर आकर गोली मार दी, जिससे तीनों की मौके पर मौत हो गई। पुलिस के द्वारा बताया गया कि ग्रह कलेश के चलते त्रिलोकी ने हत्या को अंजाम दिया था। बागचीनी थाना पुलिस ने सोमवार की शाम त्रिलोकी परमार और भोला परमार को गुर्जा गांव से गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि आरोपी त्रिलोकी डकैत हरि सिंह का चचेरा भाई है।


