spot_img

Bhopal : कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे की टीम में मप्र से दिग्विजय सिंह, कमलेश्वर और मीनाक्षी नटराजन को मिली जगह

भोपाल : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति (सीवीसी) की घोषिणा कर दी है। इसमें मध्य प्रदेश से तीन नेताओं को स्थान दिया गया है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश के पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल और मीनाक्षी नटराजन को शामिल किया है।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को कांग्रेस अध्यक्ष की टीम में स्थान मिलने की संभावना पहले से ही जताई जा रही थी। वे पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की टीम के प्रमुख सदस्य रहे हैं और समय-समय पर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी दी जाती रही है। अभी वे मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी में महत्वूपर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यसमिति में मध्यप्रदेश से चौंकाने वाला नाम विंध्य से आने वाले कमलेश्वर पटेल का रहा है। उन्हें संगठन पिछड़ा वर्ग के नेता के तौर पर आगे बढ़ा रहा है। प्रदेश में कमलनाथ ने भी उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी हैं। कुछ दिनों पहले उन्हें प्रत्याशी चयन के लिए लिए गठित छानबीन समिति में भी शामिल किया गया है। हालांकि, संभावना थी कि पिछड़ा वर्ग से ही आने वाले पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव को अवसर दिया जाएगा। उन्हें राहुल गांधी की टीम का माना जाता है, लेकिन कमलनाथ से उनका तालमेल ठीक नहीं है। वहीं, मंदसौर से पूर्व सांसद रहीं मीनाक्षी नटराजन को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया है। वे भी भारत जोड़ो यात्रा में पूरे समय सक्रिय थीं। संगठन में विभिन्न पदों पर काम कर चुकी हैं।

Explore our articles