spot_img

Kanpur : बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव उत्तर प्रदेश में करेगा बारिश

कानपुर : पश्चिमी हवाओं की चलने से उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण उमस भरी गर्मी पड़ रही है, जिससे लोगों का जीना दूभर हो गया है। हालांकि आगामी दिनों में एक बार फिर मौसम में बदलाव होने की संभावना दिख रही है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है जिससे 18 से लेकर 21 अगस्त तक कानपुर सहित पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार बन गये हैं।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने गुरुवार को बताया कि औसत समुद्र तल पर मानसून ट्रफ अमृतसर, देहरादून, बरेली, गोरखपुर, पटना, बांकुरा, दीघा और फिर दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी से होकर गुजर रही है। एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पूर्व और इससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर समुद्र तल से 4.5 और 7.6 किमी ऊपर है। इसके प्रभाव से 18 अगस्त को उत्तरी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की उम्मीद है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक से कोमोरिन क्षेत्र तक उत्तर-दक्षिण ट्रफ बनी हुई है। एक पश्चिमी विक्षोभ को मध्य-क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं में एक गर्त के रूप में देखा जाता है, जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर, 68 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 32 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में होती है। मौसम की इन गतिविधियों से एक बार फिर उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय होगा और 18 से लेकर 21 अगस्त तक पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश होगी।

इसके साथ ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और आगरा, औरैया, चित्रकूट, एटा, इटावा, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, फिरोजाबाद, हमीरपुर, हरदोई, हाथरस, जालौन, झांसी, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कासगंज, कौशांबी, ललितपुर, महोबा, मैनपुर, मथुरा, मिर्जापुर, प्रयागराज, सोनभद्र, उन्नाव में गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली भी गिरने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 35.0 और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 79 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 65 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 7.7 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के आसार हैं। आगामी दिनों तेज हवाओं एवं मेघ गर्जना के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

Explore our articles