spot_img

Hisar : लाखों की नकदी व 20 तोले सोना चोरी में नौकरानी दोषी करार

दोषी को 31 को सुनाई जाएगी सजा, दो आरोपित अभी पकड़ से बाहर

हिसार : एडीजे निशांत शर्मा की अदालत ने एक घर से पांच लाख रूपए नगदी सहित 20 तोले सोना व आधा किलो चांदी चुराने के मामले में नौकरानी तुलसी को दोषी करार दिया है। अदालत दोषी महिला को 31 जुलाई को सजा सुनाएगी।

अदालत में चले मामले के अनुसार शहर थाना पुलिस ने 15 फरवरी 2022 को पड़ाव चौक निवासी सुधीर की शिकायत पर नौकरानी तुलसी, करिश्मा व राजेंद्र पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। इस मामले में करिश्मा व राजेंद्र की गिरफ्तारी नही हो पाई है। पुलिस को दी शिकायत में सुधीर ने बताया कि वह पड़ाव चौक में रहता है। उसके घर तुलसी नाम की नौकरानी काम करती थी। 15 फरवरी 2022 को नौकरानी तुलसी अपनी बेटी करिश्मा के साथ उसके घर पर शाम को काम करने के लिए आई। शाम लगभग चार बजे के आसपास नौकरानी तुलसी ने उसे पीने के लिए चाय दी जिसे पीते ही वह अचेत हो गया। कुछ समय बाद जब होश आया तो देखा कि कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी खुली पड़ी है।

अलमारी में रखा सामान चेक किया तो लगभग पांच लाख रुपये, लगभग 20 तोला सोना व आधा किलो चांदी के जेवरात, पर्स जिसमें नकदी करीब 20 हजार रुपये, एटीएम कार्ड व अन्य जरुरी कागजात थे, चोरी हुए मिले। चोरी की वारदात घर में लगे सीसीटीवी में कैद में हो गई थी। अलमारी की चाबी मिलने के बाद नौकरानी तुलसी के साथी आरोपित राजेंद्र खुशी से डांस करने लगा था। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में नौकरानी तुलसी को काबू कर लिया था, वही चोरी में शामिल करिश्मा व राजेंद्र पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे है। इसी मामले में अदालत ने नौकरानी को शुक्रवार को दोषी करार दिया है।

Explore our articles