spot_img

Hisar : गोल्ड व्यापार में निवेश करने पर अच्छे रिटर्न का लालच देकर लाखों ठगे

कैशबैक व गिफ्ट में गाड़ियों का लालच देकर की धोखाधड़ी, एक गिरफ्तार

हिसार : पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने गोल्ड व्यापार में पैसा इन्वेस्ट करने पर अच्छा रिटर्न मिलने, कैशबैक और गिफ्ट में गाड़ियों का लालच देकर धोखाधड़ी करने के मामले में गुरुग्राम की शीतला कॉलोनी निवासी सुधीर कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उस पर लगभग चार वर्ष पूर्व 29 अगस्त 2019 को यह केस दर्ज किया था।

जांच अधिकारी एएसआई ललित कुमार ने शुक्रवार को बताया कि 12 मई 2019 को सेक्टर 13 निवासी देशपाल को मंडोलियन ज्वैलर्स प्राइवेट लिमिटेड के एजेंट सोमवीर ने गोल्ड व्यापार की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। उसने कहा कि आप गोल्ड व्यापार डॉट कॉम की योजना में निवेश करेंगे तो उसमे आपको अच्छा रिटर्न और सोना मिलेगा। साथ ही विभिन्न योजनाओं के तहत निवेश करने पर उच्च कैशबैक, गोल्ड, टैब, लैपटॉप, बुलेट मोटरसाइकिल, क्रेटा व फॉरचुनर जैसी गाड़ियां कमीशन के तौर पर भी मिल सकते है। निवेश किए गए पैसे डबल करने का भी प्रलोभन दिया। एजेंट सोमवीर ने देशपाल की बात कंपनी के एमडी सुधीर कुमार से करवाई और सुधीर कुमार ने देशपाल को आश्वासन दिया कि हम हिसार में एक कंपनी की फ्रेंचाइजी खोलने जा रहे है। आपके पास हिसार में कंपनी की पहली आईडी होगी।

इसके बाद हिसार में जो भी लोग कंपनी से जुड़ेंगे तो आप लाखों रुपये कमाओगे। देशपाल ने उनकी बातों में आकर लालचवश 59 लाख 89 हजार 505 रुपये का निवेश किया। देशपाल द्वारा कंपनी में पैसे निवेश करने के बाद रिटर्न के लिए सोमवीर से संपर्क किया तो उसने इनका फोन नहीं उठाया। देशपाल ने आरोपित सुधीर से भी संपर्क कर सोने और कमीशन के बारे में पूछा तो उसने कहा कि उसे 10 से 20 लाख रुपए और इन्वेस्ट करने होंगे, उसके बाद उन्हें सोना और कमीशन मिलेगा।

आरोपित सुधीर और सोमबीर ने देशपाल के साथ अच्छे रिटर्न, सोने, कैशबैक और गिफ्ट में गाड़ियों का लालच देकर धोखाधड़ी से ठगी की। इसी मामले में सेक्टर 13 निवासी देशपाल की शिकायत पर पुलिस ने सुधीर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस द्वारा की गई जांच में सामने आया कि मंडोलियन ज्वैलर्स प्राइवेट लिमिटेड में कुल एक करोड़ 75 लाख से भी अधिक रुपये का निवेश किया गया। आरोपित सुधीर पर पहले भी रोहतक और दिल्ली में लोगों से पोंजी स्कीमों के तहत धोखाधडी से रुपए ठगने के मामले दर्ज है। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे अदालत में पेश करके तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

Explore our articles