धमतरी : बारिश शुरू होने के साथ साप्ताहिक बाजार में सब्जी बीजों की पूछपरख होने के साथ बिक्री बढ़ गई है। ग्रामीण अपने घर के बाड़ियों में सब्जी फसल लेने के लिए बीज की खरीदी करने पहुंच रहे हैं। बरसात के मौसम में देशी सब्जी सबकी पसंद है इसलिए खाली पड़े बाड़ियों में ज्यादा से ज्यादा लोग सब्जी की खेती करते हैं।
बारिश शुरू होने से पहले ही अंचल के गांवों में ग्रामीण अपने घरों के बाड़ियों में सब्जी खेती करने के लिए तैयारी कर चुके हैं। सब्जी खेती के लिए ग्रामीणों को बारिश होने का इंतजार था। पिछले दिनों बारिश हुई। बारिश थमने के बाद ग्रामीण अपने बाड़ियों में सब्जी खेती के लिए बीजों का छिड़कांव कर रहे हैं इसलिए बाजार में सब्जी बीज की मांग बढ़ गई है।शहर के मुख्य इतवारी बाजार में सब्जी बीज खरीदने पसरा के पास लोगों की भीड़ लगी रही। अधिकांश समय बीज खरीदने के लिए लोग पहुंचते रहे। ज्यादातर लोगों ने बाड़ियों में बोने वाले भाजी की बीज खरीदें। वहीं लौकी, कुम्हड़ा, तराई समेत अन्य बीज खरीदें। पिछले कुछ वर्षाें की तुलना में सब्जी बीज के दाम में बढ़ोत्तरी हुई है इसलिए 10 रुपये में बहुत ही कम बीज चिल्हर व्यवसायी दे रहे थे। चिल्लर व्यवसायी के पास सब्जी के सभी प्रकार के बीज खुले में उपलब्ध होता है इसलिए शहर व ग्रामीण अंचलों के लोग यहां खरीदने पहुंचते हैं।ग्रामीण अंचलों में बारिश के इस मौसम में सबसे ज्यादा लोग देशी सब्जी की खेती करते हैं। बारिश शुरू होने के साथ अब बीज का छिड़काव शुरू हो चुका है। बाड़ियों की खनन कर लोग अब बीज डाल रहे हैं, जो तेजी के साथ तैयार होंगे। वहीं शहर में भी कई लोग सब्जी खेती के शौकिन है, जो अपने छतों पर सब्जी खेती करते हैं।


