धर्मशाला : धर्मशाला पुलिस ने इंटरपोल का अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। धर्मशाला पुलिस ने इस कार्रवाई को एक शिकायत पत्र के आधार पर अंजाम दिया है। आरोपित की पहचान विकास चौधरी के तौर पर हुई है जो कांगड़ा जिला के शाहपुर पुलिस थाना के तहत अंसुई का रहने वाला है।
एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि उक्त आरोपित लोगों से इन्टरपोल मुम्बई, भारतीय पुलिस सेवा का अधिकारी बनकर ठगी करता है। इसने शिकायतकर्ता से भी लगभग 80 हजार 500 रुपये की ठगी की है। पुलिस ने धर्मशाला थाना में शिकायत पत्र पर अभियोग जेर धारा 170,419,420 भारतीय दंड संहिता में पंजीकृत पुलिस थाना किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार तुरन्त कार्यवाही करते हुए विकास चौधरी निवासी अनसुई तहसील शाहपुर ज़िला काँगड़ा को गिरफ्तार किया गया। आगामी तफ्तीश जारी है।


