जगदलपुर : नगर निगम के गंगानगर वार्ड में स्थापित मंदिर तोड़कर वहां स्वास्थ्य केंद्र बनाने को लेकर हिंदू संगठन के लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। हिंदू संगठन बजरंग दल के सदस्यों ने कहा कि जिस जगह पर मंदिर स्थापित है वह तीन वार्डों का प्रमुख केंद्र है। कोई भी धार्मिक कार्यक्रम मंदिर स्थल पर ही होते हैं। ऐसे मंदिर को तोड़ने का निर्णय लेना यानी आस्था को ठेस पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी से पहले इस मंदिर की स्थापना की गई थी। इस मंदिर का जीर्णोद्धार करवाना चाहिए ना कि इसे तोड़ना चाहिए। वहीं वार्ड के लोगों ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र या फिर अन्य विकास कार्यों के हम विरोधी नहीं हैं, शहर में यह सुविधाएं भी जरूरी है। लेकिन मंदिर को तोड़कर अन्य भवनों का निर्माण करवाना यह गलत है, यदि ऐसा होता है तो इसका हम विरोध करते हैं। हिंदू संगठन और वार्ड के लोगों ने रविवार को जगदलपुर नगर निगम के आयुक्त को इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा है।
नगर निगम के आयुक्त केएस पैकरा ने कहा कि गंगानगर वार्ड के कुछ लोग आए थे। जिन्होंने मंदिर के जीर्णोद्धार एवं स्वास्थ्य केंद्र के लिए मंदिर नहीं तोड़ने का ज्ञापन दिया है।


