जयपुर : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि यूसीसी वर्तमान में देश के विकास और समृद्धि के लिए है। जो देशहित में होगा मोदी सरकार वही काम करेगी। भारत के संविधान में सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार का उल्लेख किया गया है। ऐसे में देश में दोहरी व्यवस्था कैसे चल सकती है। तुष्टिकरण और वोटबैंक की राजनीति से कदापि देश का विकास नहीं हो सकता। भाजपा समाज के सभी वर्गों को उन्नत करना चाहती है। जोशी रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कोई भी वर्ग अपनी मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी के यह विचार देश की समृद्धि को आधार देंगे। कुछ पार्टियों ने कसम खा रखी है कि भाजपा देशहित में कोई भी फैसला ले उसका विरोध करना है। विपक्ष को यह नहीं पता कि देश की जनता का मिजाज क्या है। अनुच्छेद 370 हटाने का काम क्या पहले नहीं हो सकता था, क्या वन नेशन वन टैक्स का निर्णय इंदिरा गांधी के समय नहीं हो सकता था। उस समय राजनीतिक लोगों को लगा कि देश से पहले पार्टी है। कहीं पार्टी का वोटबैंक ना चला जाए। भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी ने नेशन फर्स्ट को लेकर काम किया है, तभी तो देश की जनता का विश्वास भाजपा और केंद्र की मोदी सरकार पर है।
जोशी ने कहा कि नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी की विजय संकल्प टीम अनुभवी, ऊर्जावान, सर्वहितैषी, और समावेशी है। जिसमें सभी वर्गों से लोगों को दायित्व दिया गया है, जो कि आगामी 2023-24 के चुनावों मे टीम विजय संकल्प के साथ एकजुट होकर काम करेंगे। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भ्रष्ट, नाकारा, जंगलराज, पेपर लीक और झांसेबाज कांग्रेस सरकार के खिलाफ आगामी पांच जुलाई को महिला मोर्चा जयपुर की सड़कों पर थाली नाद के साथ विरोध प्रदर्शन करेगी, वहीं आगामी 12 जुलाई को झुंझनूं में कर्जमाफी का झूठा वादा करने वाली सरकार के खिलाफ किसान विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा बेरोजगारी भत्ता नहीं मिलने और पेपर लीक के खिलाफ अजमेर में युवाओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।


