spot_img

Kolkata : अब बंगाल बनेगा सुरक्षा का अभेद्य किला: शाह

कोलकाता : (Kolkata) विधानसभा चुनाव में भाजपा (Bharatiya Janata Party) को मिले प्रचंड बहुमत के बाद शुक्रवार को कोलकाता में हुई विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया। शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) अब पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री होंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विधायक दल को संबोधित करते हुए बंगाल की जनता का आभार जताया और ममता बनर्जी पर तीखे प्रहार किए।

‘दीदी, सुवेंदु दा ने आपको आपके घर में हराया’
ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) पर तंज कसते हुए अमित शाह ने कहा कि भवानीपुर की जनता ने इस बार इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा, “शुभेंदु ने पिछले चुनाव में आपको नंदीग्राम (Nandigram) में मात दी थी, लेकिन इस बार तो उन्होंने आपको आपके घर (भवानीपुर) में ही हरा दिया।” शाह ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि राज्य के 23 जिलों में से 9 जिलों में टीएमसी का खाता तक नहीं खुला है। उन्होंने इसे एक ऐसा जनादेश बताया जैसा पहले कभी नहीं देखा गया।

घुसपैठ और तस्करी के दिन लदे
अमित शाह ने सीमावर्ती सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा और असम के बाद अब बंगाल में भी भाजपा की सरकार है। अब राज्य में घुसपैठ और गौ-तस्करी असंभव होने वाली है। बंगाल और भारत सरकार मिलकर इस पूरे क्षेत्र को राष्ट्र की सुरक्षा के एक अभेद्य किले में तब्दील कर देगी।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी को समर्पित जीत
भावुक होते हुए शाह ने कहा कि यह जीत 1950 से शुरू हुई एक वैचारिक यात्रा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद कार्यकर्ताओं के मन में एक ही कसक थी—बंगाल में भगवा फहराना। आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (Dr. Syama Prasad Mookerjee) की जन्मभूमि पर भाजपा की सरकार बनना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। शाह के मुताबिक, “आज मुखर्जी जी जहां कहीं भी होंगे, वे मुक्त मन से मोदी जी को आशीर्वाद दे रहे होंगे।”

कैसा होगा ‘सोनार बांग्ला’ का शासन?
अगली सरकार का एजेंडा स्पष्ट करते हुए अमित शाह ने बंगाल की जनता को तीन बड़े भरोसे दिए। अब न तो प्रशासन का राजनीतिकरण होगा और न ही राजनीति का अपराधीकरण। अब ऊपर भी भाजपा है और नीचे भी भाजपा, इसलिए केंद्र की योजनाओं में कोई अड़ंगा नहीं लगेगा। बंगाल कला, साहित्य और शिक्षा में देश का नेतृत्व करे, इसके लिए रंगमंच प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की जाएगी।

2014 से 2026: एक अभूतपूर्व यात्रा
अमित शाह ने भाजपा के विस्तार को ‘अभूतपूर्व’ बताया। उन्होंने याद दिलाया कि 2014 में बंगाल में पार्टी का खाता खुला था, फिर सीटें 3 हुईं, फिर 77 और आज 2026 में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता के सिंहासन पर बैठी है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री मोदी के कौशल और कार्यकर्ताओं के पुरुषार्थ की जीत करार दिया।

Explore our articles