spot_img

Mathura : ऑपरेशन के दौरान युवती की मौत, परिजनों ने काटा हंगामा

परिजन लगा रहे है डाक्टर पर लापरवाही का आरोप

मथुरा : कोतवाली वृंदावन क्षेत्र अंतर्गत मथुरा-वृंदावन मार्ग पर वात्सल्य ग्राम के सामने शनिवार की शाम वर्मा नर्सिंग होम में ऑपरेशन के दौरान एक युवती की मौत होने से भड़के परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया। भीड़ मुख्य मार्ग पर आ गई। इससे यातायात भी प्रभावित रहा। परिजन ने डॉक्टर के ऊपर ऑपरेशन में लापरवाही करने का आरोप लगा रहे थे। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

विदित रहे कि थाना फरह क्षेत्र के गांव बाकलपुर की प्रिया (18) अपेंडिक्स से पीड़ित थी। स्वजन ने उसे मथुरा-वृंदावन मार्ग पर वात्सल्य ग्राम के पास एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। डॉक्टर ने स्वजन को ऑपरेशन कराने की सलाह दी। स्वजन भी राजी हो गए। ऑपरेशन के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। स्वजन ने बेटी की मृत्यु को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया। साथ ही ऑपरेशन करने में लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया। भीड़ मथुरा-वृंदावन मार्ग पर आ गई। इससे यातायात प्रभावित हो गया। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को नर्सिंग होम से निकाल कर भिजवा दिया। हंगामा की सूचना पर वृंदावन कोतवाली का फोर्स नर्सिंग होम पर पहुंच गया। इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया, परिवार के लोग आ गए थे। वार्ता की जा रही है। अभी इस मामले में कोई प्रार्थना पत्र उनको नहीं मिला है।

Explore our articles