चंडीगढ़ : पंजाब के अमृतसर से मध्य प्रदेश जा रही नौ महिला खिलाड़ियों की ट्रेन में सफर के दौरान अचानक तबियत बिगड़ गई। इन सभी खिलाड़ियों को ट्रेन से उतार कर लुधियाना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन खिलाड़ियों ने अमृतसर के एक हाेटल से खाना पैक करवा कर ट्रेन में खाया था।
जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश के शिक्षा विभाग ने खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने पर 120 महिला खिलाड़ियों के ग्रुप को घूमने के लिए अमृतसर भेजा था। मध्यप्रदेश की रहने वाली सभी महिला खिलाड़ी अटारी-बाघा बार्डर देखने के लिए आई थीं। यहां घूमने के बाद बुधवार को वह वापस मध्य प्रदेश जा रही थीं। रवाना होने से पहले इन खिलाड़ियों ने अमृतसर के एक होटल से सुबह खाना पैक करवाया था। इस खाने को इन खिलाड़ियों ने दोपहर को खाया। इस बीच ट्रेन जब लुधियाना के फिल्लौर में पहुंची तब तक नौ खिलाड़ियों की हालत बिगड़ गई। इसके बाद लुधियाना रेलवे स्टेशन पर बेसुध खिलाड़ियों को अधिकारियों ने संभाला। मौके पर पहुंचे डॉक्टर ने चेकअप के बाद ट्रेन से उतार कर अस्पताल में भर्ती कराया। रेलवे अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।


