अररिया : फारबिसगंज के प्रमुख किराना मंडी छुआपट्टी के आरएन दत्ता रोड से जाने वाली आरबी लेन सड़क पर बना पुलिया ध्वस्त हो गया।जबकि इसका निर्माण हुए महज आठ नौ माह ही हुए हैं।पुलिया के ध्वस्त होने के कारण इधर से गुजरने वाले लोगों को आने वाले दिनों में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।हालांकि अभी पुलिया पूरी तरह से ध्वस्त नहीं हुआ है,जिसके कारण हल्के वाहन और बाइक सवार आसानी से आ जा सकते हैं।लेकिन भारी वाहनों के पुलिया से होकर गुजरने पर पुल कभी भी पूरी तरह ध्वस्त हो सकता है।
एक साल के अंदर पुलिया ध्वस्त होने के कारण नगर परिषद की ओर से किए गए कार्य की गुणवत्ता को लेकर प्रश्न उठने लगा है।
उल्लेखनीय है कि छुआपट्टी किराना कारोबारियों का प्रमुख मंडी है और न केवल जिला बल्कि अगल बगल के जिलों के खरीददार भी मंडी में खरीददारी के लिए पहुंचते हैं। आरबी लेन गली में कई कारोबारियों ने यहां अपना गोदाम बना रखा है।जिसके कारण हमेशा बड़े वाहन इस होकर गुजरते हैं।ऐसे में बड़े वाहन के इधर से गुजरने पर कभी भी कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिया का निर्माण जिस संवेदक के द्वारा किया गया था,वह न केवल नगर परिषद के जनप्रतिनिधि ही हैं,बल्कि बोर्ड में इन दिनों सशक्त स्थायी समिति के सदस्य भी हैं।ऐसे में उनके द्वारा किए गए कार्य की गुणवत्ता पर उन्हें मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और निर्माण कार्य को पूरा करवाना चाहिए।मामले में नगर पार्षद काजल गुप्ता ने नप के अधिकारियों को इस समस्या से वाकिफ करवाने की बात कही।
पुलिया के ध्वस्त होने और छुआपट्टी में नाला निर्माण किए जाने के कारण दो माह से गड्ढा बनाकर छोड़ देने और नाला निर्माण कार्य का ईट को आगे में रख कर जाम कर देने के कारण लोगों के घरों में नाला का गंदा पानी प्रवेश कर रहा है,जिससे मुहल्ले में रहने वाले लोग परेशान हैं।घरों से बाहर जल निकासी होने के बजाय घर में नाला का गंदा पानी प्रवेश कर रहा है।


