रांची : रांची जिला उपभोक्ता फोरम ने आठ वर्ष बाद डोरंडा थाना क्षेत्र के अनंतपुर निवासी पुष्पा शर्मा को तीन लाख रुपये मुआवजा देने का निर्देश दिया है।
पंजाब नेशनल बैंक की लालपुर शाखा को यह निर्देश शनिवार को दिया है।उपभोक्ता फोरम ने बैंक की ओर से सेवा में कमी के लिए मुआवजे का आदेश दिया है। 60 दिनों के भीतर मुआवजा देने का निर्देश दिया है। साथ ही तय सीमा में पैसे नहीं देने पर जुर्माना लगाने का आदेश दिया है।
बैंक अपने लॉकर की उचित सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहा, जिसके कारण एक लॉकर से पुष्पा शर्मा के आठ लाख रुपये के गहने चोरी हो गए।
उल्लेखनीय है कि 27 जनवरी 2015 को लालपुर थाने के समीप स्थित पंजाब नेशनल बैंक के लॉकर से लाखों की चोरी कर ली गई थी।इस संबंध में 27 जनवरी, 2015 को लालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बैंक की ओर से दर्ज करवाई गई प्राथमिकी में कहा गया था कि गणतंत्र दिवस के कारण बैंक बंद होने के बाद अपराधियों ने खिड़की से बैंक में प्रवेश कर चार लॉकर तोड़ दिए और उसमें रखे समान लेकर फरार हो गए।


