spot_img

Jind : फाइनेंसर से खफा व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगल की आत्महत्या

जींद : फाइनेंसरों की प्रताडना से आहत होकर एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। शहर थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर फाइनेंसर तथा उसके पिता के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया है। इंदिरा कालोनी निवासी सतीश (37) ने गत दिवस हांसी ब्रांच नहर पटरी पर जहरीला पदार्थ निगल लिया।

नागरिक अस्पताल लाए जाने पर उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। जहां पर उपचार के दौरान सतीश की मौत हो गई। मृतक की पत्नी सुनीता ने पुलिस को बताया कि उसका पति फेरी लगा कर गैस चूल्हे ठीक करता था। उसके पति सतीश ने कुछ राशि फाइनेंसर पवन से ली हुई थी। गत 16 जून शाम को फाइनेंसर पवन का पिता उनके घर आया था। जो गाली गलौज कर चला गया।

देर शाम को उसके पति ने फोन कर बताया कि उसके साथ सैक्टर आठ में फाइनेंसर ने मारपीट की है। घर लौटने पर उसका पति कुछ समय के बाद बाहर चला गया। बाद में किसी ने बताया कि उसका पति सतीश नहर पटरी पर पड़ा हुआ है। जब वह मौके पर पहुंचे तो उसके पति ने बताया की फाइनेंसर व उसके पिता से तंग आकर सल्फास खाली है।

सुनीता ने आरोप लगाया कि फाइनेंसर पवन तथा उसके पिता से परेशान होकर उसके पति सतीश ने आत्महत्या की है। शहर थाना के जांच अधिकारी श्रीकृष्ण ने बताया कि सुनीता की शिकायत पर फाइनेंसर पवन तथा उसके पिता के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Explore our articles